साहब... मैंने ही हत्या की है! किशनगंज में थाने पहुंचकर युवक ने किया सरेंडर, सुनकर पुलिस भी चौंकी
Kishanganj News: किशनगंज के पतलुआ गांव में दो दिन पहले एक महिला का शव मक्के के खेत से मिला था. इस घटना में दो लोग गिरफ्तार भी किए गए थे. अब नया मोड़ आ गया है.

Bihar News: बिहार के किशनगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक युवक महिला की हत्या के बाद थाने पहुंचा और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया. थाने पहुंचकर पुलिस के सामने कहा कि उसने ही हत्या की है. सुनकर पुलिस भी कुछ देर के लिए हैरान रह गई.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछला पंचायत के पतलुआ गांव से दो दिन पहले मक्के के खेत से 21 वर्षीय विवाहित महिला नूरी का शव बरामद किया गया था. शव बरामद होने के बाद नूरी के पिता ने हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया था. इसके बाद पुलिस ने बीते गुरुवार (27 मार्च, 2025) को त्वरित कारवाई करते हुए मृतिका के ससुर और जेठ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. बीते शुक्रवार (28 मार्च, 2025) को कथित प्रेमी ने खुद ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.
प्रेमी ने महिला की हत्या कर शव खेत में दबाया
आरोपी युवक का नाम मो. भट्टू है. वो मोहम्मदपुर का रहने वाला है. जिस महिला का शव मिला वो और युवक दोनों पड़ोस में ही रहते थे. जान-पहचान होने के बाद दोनों का प्रेम परवान चढ़ गया लेकिन युवक विवाहित था तो वो कुछ दिनों बाद महिला नूरी से दूरी बनाने लगा था. युवक ने कहा कि नूरी उसे घर से भगा ले जाने का दबाव बना रही थी और धमकी दे रही थी कि अगर वो शादी नहीं करता तो वो उसके घर पहुंच जाएगी. इसके बाद युवक ने नूरी को मिलने के लिए खेत में बुलाया और वहीं उसकी हत्या कर शव को खेत में ही दबा दिया.
ससुराल पक्ष के लोगों को रिहा करने की मांग
इस घटना के बाद खेत के मालिक की नजर शव पर गई. इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई. पुलिस ने महिला के शव को निकलवाया. पोस्टमार्टम के लिए भेजा. नूरी की तीन महीने की बेटी भी है. स्थानीय लोगों ने मामले में गिरफ्तार किए मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों को रिहा करने की मांग की है. वहीं मामले में पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने बताया कि एक युवक ने आत्मसमर्पण किया है. युवक से पूछताछ कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: गोपालगंज: बिना रिक्ति बहाली मामले में 194 शिक्षकों के कागजात की जांच शुरू, 33 की जा चुकी नौकरी
Source: IOCL

























