पावरस्टार पवन सिंह के लिए भारतीय जनता पार्टी कुछ बड़ा प्लान कर रही है. बीजेपी नेता और सांसद मनोज तिवारी ने इस पर बयान दिया है. उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही पवन सिंह को उनकी मेहनत का उचित सम्मान मिलेगा. बीते मंगलवार (31 मार्च, 2026) की देर रात औरंगाबाद से लौटते समय मनोज तिवारी रोहतास जिले के डेहरी पहुंचे. यहां एक निजी होटल में उन्होंने पत्रकारों से बात की.
मनोज तिवारी ने कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी. इस दौरान उन्होंने पवन सिंह के राजनीतिक भविष्य, विपक्ष के आरोपों और बिहार की मौजूदा राजनीति पर विस्तार से चर्चा की. भारतीय जनता पार्टी द्वारा पवन सिंह के इस्तेमाल पर मनोज तिवारी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना विपक्ष की पुरानी आदत है.
यह भी पढ़ें- Nishant Kumar: CM की चर्चा के बीच निशांत कुमार ने बता दी अपनी आगे की रणनीति, 'जल्द ही मैं…'
पवन सिंह को बताया पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता
मनोज तिवारी ने कहा कि पवन सिंह केवल एक स्टार नहीं बल्कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाई है. ऐसे में उनकी मेहनत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा उन्हें जल्द उनका हक देगी. मनोज तिवारी के बयान से यह साफ संकेत मिलता दिख रहा है कि आने वाले समय में पवन सिंह को पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है.
सांसद मनोज तिवारी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि वे जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के आरोप लगाते रहते हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी की कार्यशैली पारदर्शी है और इसमें व्यक्तिगत लाभ के बजाय संगठन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जाती है. यही कारण है कि बीजेपी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी हुई है.
अब देखना होगा कि पवन सिंह के लिए बीजेपी क्या करती है. बता दें कि राज्यसभा चुनाव से पहले चर्चा थी कि पावरस्टार को राज्यसभा भेजा जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अब देखने वाली बात होगी कि आगे पार्टी क्या कुछ निर्णय लेती है.
यह भी पढ़ें- बेटे निशांत ने कही ऐसी बात कि सुनकर गदगद हो जाएंगे नीतीश कुमार, 'अपराधी राज की…'
