जनता दल (यूनाइटेड) ने मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है और उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है. पार्टी ने इसके निर्देशों की बार-बार अवज्ञा, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अनुचित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग और हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद चुनावों में जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार के खिलाफ किसी अन्य पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार करने को कारण बताया है.

Continues below advertisement

ऐसे में मोकामा में फिर से चुनाव हो सकते हैं क्योंकि JDU ने अनंत सिंह की विधायकी खत्म करने की अनुशंसा की है. जेडीयू ने अपने आदेश में यह भी कहा कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी. अगर अनंत सिंह की विधायकी रद्द होती है तो मोकामा में फिर से चुनाव होने की उम्मीद है.

अनुशासनहीनता के चलते लिया गया एक्शन 

अनंत सिंह के खिलाफ अनुशासनहीनता और दल विरोधी गतिविधि के चलते यह एक्शन लिया गया. पार्टी ने पूर्व विधायक नीलम देवी पर भी दल विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है.

Continues below advertisement

दरअसल, हाल ही में हुए विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से हटकर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के उम्मीदवार का समर्थन किया था. उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया और जन सुराज के पक्ष में प्रचार भी किया था.

चुनाव परिणाम से पहले अनंत सिंह के यहां जश्न की थी तैयारी

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं. इसी बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने चुनाव परिणाम आने से पहले ही अनुज सिंह के जीत का दावा करते हुए अपने घर पर जश्न की तैयारी शुरू कर दी है. उनके यहां मिठाइयां और खाने-पीने की दूसरी चीजें तैयार की जा रही हैं.

अनंत सिंह को JDU ने पार्टी से निकाला, पत्नी पर भी लिया एक्शन