बिहार में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर जारी सियासी चर्चा के बीच कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार एक बुद्धिमान, सौम्य और इंजीनियर हैं तथा भविष्य में एक सफल नेता के रूप में उभर सकते हैं. यह बयान ऐसे समय आया है जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बाद बिहार की राजनीति में नए नेतृत्व को लेकर कयास तेज हो गए हैं.

रामकृपाल यादव ने कहा कि निशांत कुमार को अब तक फ्रंट फुट पर राजनीति करने का मौका नहीं मिला, लेकिन उनकी क्षमता से सभी परिचित हैं.

निशांत एक बुद्धिजीवी हैं- रामकृपाल यादव

उनके अनुसार निशांत एक बुद्धिजीवी और कुशल संगठनकर्ता हैं, जो राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाकर प्रभावशाली नेता के रूप में सामने आ सकते हैं. एएनआई को दिए बयान में उन्होंने कहा कि युवाओं में निशांत कुमार के प्रति काफी आकर्षण और विश्वास दिखाई देता है. यही कारण है कि अगर उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलती है तो बड़ी संख्या में युवा उनके साथ जुड़ सकते हैं और संगठन को मजबूती मिल सकती है.

युवाओं के नेतृत्व पर दिया जोर

रामकृपाल यादव ने कहा कि निशांत कुमार को पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे वे सफलतापूर्वक निभा सकते हैं. उनके मुताबिक कार्यकर्ताओं में भी उनके नाम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, जिससे पार्टी के विस्तार में मदद मिल सकती है.

उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की उम्र अधिक होने के कारण युवाओं की उनसे दूरी बढ़ रही थी. ऐसे में अगर युवा नेतृत्व सामने आता है तो वह नई ऊर्जा और जोश के साथ राजनीति में आगे बढ़ सकता है. रामकृपाल यादव ने विश्वास जताया कि भविष्य में निशांत कुमार भी नीतीश कुमार की तरह लोकप्रिय नेता बन सकते हैं और उनके नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ सकता है.