India vs Afghanistan: रोज बाउल मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे मैच में टीम इंडिया ने 225 रनों का टारगेट दिया है. इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के दोनों ओपनर्स जल्दी ही आउट हो गए, जिसके बाद कप्तान ने मोर्चा संभाला और इस वर्ल्ड कप की लगातार तीसरी फिफ्टी ठोकी. विराट कोहली ने 63 गेंद में 67 रनों की पारी खेली. टीम इंडिया की तरफ से वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.

कोहली के अलावा टीम इंडिया की तरफ से केदार जाधव ने बेहतरीन 52 रन बनाए. इसके अलावा सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने भी 30 रनों का योगदान दिया. इन तीनों के अलावा कोई भी भारतीय बल्लेबाज अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित नहीं कर पाया और भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 224 पर रन बनाए.

अफगानिस्तान की तरफ से गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद नबी और गुलबदीन नैब ने दो-दो और राशिद खान, रहमत शाह और मुजीब उर रहमान ने एक-एक विकेट लिए. आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 के मैच में अपने अजेय अभियान को जारी रखने के लिए उतरी है. भारत ने अब तक दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है. भारतीय टीम के गेंदबाजों पर अब सारा दारोमदार है कि वह टीम के विजय क्रम को बरकरार रखें.