वाशिंगटन. विम्बलडन चैम्पियन सिमोना हालेप ने बताया कि वह कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव आई हैं और उनमें इस बीमारी के हल्के लक्षण है. रोमानिया की इस 29 साल की खिलाड़ी ने ट्वीट कर बताया कि वह अपने घर में पृथकवास पर है और इसके हल्के लक्षण से वह उबर रही हैं.

उन्होंने कहा, ‘मैं अच्छा महसूस कर रही हूं. हम साथ मिलकर इससे निपटेंगे.’ विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज हालेप 2018 में फ्रेंच ओपन और 2019 में विम्बलडन चैम्पियन बनीं थी. कोविड-19 के कारण इस साल विम्बलडन का आयोजन नहीं हो सका. उन्होंने इस महामारी के डर से यूएस ओपन में भाग नहीं लिया था.

सिमोना हालेप ने ट्वीट किया, 'मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि मेरा कोविड19 टेस्ट पॉजिटिव आया है. मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और मुझे हल्के लक्षण हैं. मैं अच्छा महसूस कर रही हूं. हम इसमें से साथ निकलेंगे.'

2018 में फ्रेंच ओपन खिताब और गत विंबलडन चैंपियन सिमोना हालेप ने क्‍लेकोर्ट ग्रैंड स्‍लैम में हिस्‍सा लिया था, लेकिन इस महीने रौलां गैरां के चौथे राउंड में इगा वियातेक के हाथों हारकर बाहर हो गई थीं. अब महिलाओं का डब्‍ल्‍यूटीए टूर ऑस्ट्रिया में 9 नवंबर से है, लेकिन सिमोना हालेप पहले ही कह चुकी हैं कि फ्रेंच ओपन में शिकस्‍त के बाद वह 2020 सीजन में हिस्‍सा नहीं लेंगी.