वेस्टइंडीज दौरा: बदल सकती है टीम इंडिया की सूरत, इन खिलाड़ियों का जाना तय, ये होंगे नए चेहरे
एबीपी न्यूज | 18 Jul 2019 12:59 PM (IST)
वेस्टइंडीज दौरे पर धोनी टीम का हिस्सा नहीं होंगे. जल्द ही धोनी के संन्यास पर कोई बड़ी खबर सामने आ सकती है.

मुंबई: वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हार का सामना करने वाली टीम इंडिया में बड़े बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं. इन बदलावों से ना सिर्फ दिग्गज क्रिकेटर एम एस धोनी का भविष्य तय होगा, बल्कि उन युवा चेहरों की तस्वीर भी सामने आ जाएगी जो आने वाले वक्त में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे. एमएसके प्रसाद की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी 19 जुलाई को वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम का चयन करने जा रही है. माना जा रहा है चयन के लिए होने वाली मीटिंग में धोनी के संन्यास को लेकर चर्चा हो सकती है. अभी तक धोनी ने अपने संन्यास के बारे में BCCI से कोई बात नहीं की है. हालांकि यह साफ हो चुका है कि धोनी वेस्टइंडीज में होने वाली ट्वेंटी-ट्वेंटी और वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे. पंत होंगे मुख्य विकेटकीपर धोनी की जगह रिषभ पंत को टीम में मौका मिल सकता है. पिछले साल भी धोनी को वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्वेंटी-ट्वेंटी सीरीज में मौका नहीं दिया गया था और रिषभ पंत ने यह जिम्मेदारी संभाली. वर्ल्ड कप में भी शिखर धवन के चोटिल होने पर पंत को टीम में चुना गया था, ऐसे में पंत के टीम में चुने जाने की संभावना प्रबल है. विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों इस दौरे के लिए उपलब्ध हैं, ऐसे में दोनों खिलाड़ियों का चुना जाना तय है. दूसरे ओपनर के तौर पर के एल राहुल ही टीम के साथ जाएंगे. हालांकि टीम रिजर्व ओपनर के तौर पर वनडे टीम में मयंक अग्रवाल को मौका दे सकती है क्योंकि विजय शंकर के चोटिल होने पर उन्हें ही इंग्लैंड भेजा गया. इन नए चेहरों को मिल सकता है मौका मिडिल ऑर्डर में वेस्टइंडीज दौरे के दौरान नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं. जाधव, कार्तिक का प्रदर्शन वर्ल्ड कप में उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. टीम मैनेजमेंट इनके स्थान पर श्रेयश अय्यर को मौका दे सकता है. साथ ही मनीष पांडें की वापसी देखने को भी मिल सकती है. पृथ्वी शॉ और शुभमन गिल भी काफी समय से अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर रहे हैं. इन दोनों खिलाड़ियों को भी वेस्टइंडीज दौरे पर मौका मिल सकता है. हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को वेस्टइंडीज दौरे से आराम दिया जा सकता है. पांड्या आईपीएल से ही चोट से जूझ रहे हैं, जबकि बुमराह पिछले काफी समय से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं. इसके अलावा शिखर धवन और विजय शंकर की चोट पर भी अब तक कोई अपडेट सामने नहीं आई है. इन खिलाड़ियों का चुना जाना लगभग तय स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव और चहल का चुने जाना तय माना जा रहा है. इन दोनों के अलावा राहुल चहर को टीम में मौका दिया जा सकता है. चहर घेरलू सीरीज में पिछले लंबे समय से अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर रहे हैं. टेस्ट टीम में अश्विन और जडेजा का चुने जाना लगभग तय है. तेज गेंदबाजी के फ्रंट पर नवदीप सैनी नया चेहरा हो सकते हैं. नवदीप सैनी को वर्ल्ड कप के लिए बैकअप खिलाड़ियों में रखा गया था. इसलिए बुमराह को आराम मिलने की स्थिति में सैनी के चुने जाने की संभावना प्रबल है. इंडिया ए के वेस्टइंडीज दौरे पर भी सैनी अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर रहे हैं. मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार अपनी-अपनी जगह बचाने में कामयाब हो सकते हैं. खलील अहमद, दीपक चहर वो चेहरे हैं जिनमें से किसी एक को वेस्टइंडीज दौरे में तेज गेंदबाज के तौर पर आजमाया जा सकता है.