धोनी की गैर-हाज़िरी में आरोन करेंगे झारखण्ड टीम की अगुआई
एजेंसी | 08 Jan 2018 08:30 AM (IST)
टेस्ट क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके हैं टीम इंडिया के बड़े स्टार एमएस धोनी अब सिर्फ वनडे और टी20 क्रिकेट में भारत के लिए अपना जौहर दिखाते हैं.

नई दिल्ली: टेस्ट क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके हैं टीम इंडिया के बड़े स्टार एमएस धोनी अब सिर्फ वनडे और टी20 क्रिकेट में भारत के लिए अपना जौहर दिखाते हैं. लेकिन ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि धोनी सैय्यद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में खेल सकते हैं. अब इन कयासों पर पूरी तरह से विराम लग गया है. जी हां, तेज गेंदबाज वरूण आरोन ईस्ट जोन सैय्यद मुश्ताक अली टी20 लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में झारखण्ड की अगुआई करेंगे. इससे महेंद्र सिंह धोनी के इस टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहने की अटकलों पर भी विराम लग गया है. अभी कोई टी20 टूर्नामेंट का कार्यक्रम नहीं है ऐसे में इस तरह की अटकलें थी कि आईपीएल की नीलामी से पहले दो विश्व कप विजेता टीम के कप्तान रह चुके धोनी प्रदेश की तरफ से खेल सकते हैं. हालांकि ऐसा समझा जा रहा है कि धोनी ने चयन समिति से अपने नाम पर विचार नहीं करने को कहा. मुंबई और वडोदरा के बीच वेस्ट जोन के मैच से आज इस टूर्नामेंट की शुरुआत हुई. हालांकि झारखंड की ओर से सौरभ तिवारी, इशांक जग्गी, विराट सिंह और इशान किशन जैसे खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे.