भारत-पाकिस्तान बने एक आवाज़, दोनों देशों में टॉप ट्रेंड हुआ #BabyMirzaMalik
एबीपी न्यूज वेब डेस्क | 30 Oct 2018 09:58 AM (IST)
सितारे तो सितारे दोनों देश की आम जनता ने भी इस जोड़ी को बेटे की जमकर मुबारकबाद दी. यही वजह है कि #BabyMirzaMalik ट्विटर पर दोनों देशों में लगातार टॉप ट्रेंड में है.
नई दिल्ली/इस्लामाबाद: दक्षिण एशिया में एक ही ज़मीन के दो टुकड़े पर बने दो देश भारत और पाकिस्तान के बीच तल्खियां किसी से छिपी नहीं हैं. अतीत के पन्ने तल्ख रिश्तों की कहानियां कई जंग की भयानक सच्चाइयों से भरी पड़ी हैं, लेकिन इन नफरत और दुश्मनी के बीच कभी-कभी ऐसे खुशगवार मौके भी आएं हैं जब दोनों देशों ने एक ही आवाज़ पर आवाज़ मिलाई है. आज भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. जैसे ही ये खुशखबरी आई कि भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब के घर एक नन्हा मेहमान आया है. ट्विटर पर हैशटैग #BabyMirzaMalik न सिर्फ भारत, बल्कि पाकिस्तान में भी एक साथ ट्रेंड करने लगा. भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी हों या बॉलीवुड के सितारे हों या पाकिस्तानी सिनेमा के स्टार्स, हर तरफ से #BabyMirzaMalik के साथ बधाइयों का तांता लग गया. सितारे तो सितारे दोनों देश की आम जनता ने भी इस जोड़ी को बेटे की जमकर मुबारकबाद दी. यही वजह है कि #BabyMirzaMalik ट्विटर पर दोनों देशों में लगातार टॉप ट्रेंड में है. सानिया सोमवार की सुबह मां बनी हैं. घर में नन्हे मेहमान की आमद से शोएब बहुत ही खुश हैं और पूरे जोश-व-जुनून में हैं और अपने इस जज्बात का इजहार ट्विटर पर किया. शोएब ने अपने घर आए बेटे की खुशखबरी अपने फैंस और चाहने वालों से शेयर की. शोएब मलिक ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए ट्विटर लिखा, शोएब ने ट्वीट किया, 'बताते हुए बहुत उत्साहित हूं: लड़का हुआ है और मेरी गर्ल (सानिया) बिल्कुल ठीक हैं और हमेशा की तरह मजबूती से खड़ी हैं. #अलहमदुल्लाह. आपकी दुआओं और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया. हम बहुत शुक्रगुजार हैं.' इस मौके पर पाकिस्तानी क्रिकेटर और शोएब मलिक के दोस्त शाहिद अफरीदी ने भी पिता बनने की खुशी में उन्हें बधाई दी. वहीं फिल्ममेकर और सानिया की दोस्त फराह खान ने इस बात की घोषणा अपने सोशल मीडिया अकाउंट से की है. फराह ने इस दौरान एक फोटो पोस्ट की और कैप्शन में लिखा- फाइनली लंबे वक्त बाद बहुत अच्छी खबर आ गई. शुभकामनाएं सानिया मिर्जा, शोएब मलिक और जाहिर तौर पर दादी-नानी, ईश्वर हमारी परी को आशीष दे.