नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शेल्डन कोटरेल ने भारतीय सेना के साथ जुड़ने के फैसले के लिए महेंद्र सिंह धोनी की सराहना की है. कोटरेल ने भारत के पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान को सच्चा देशभक्त बताया है. कोटरेल ने ट्वीट कर धोनी के सेना के साथ जुड़ने के फैसले की तारीफ की है.
कोटरेल ने कई ट्वीट किए और साथ ही धोनी से जुड़ा वीडियो शेयर करके इस अनुभवी विकेटकीपर की तारीफ की. कोटरेल ने 2018 का वो वीडियो भी शेयर किया है जिसमें धोनी को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया था.
कोटरेल ने ट्वीट किया, ''धोनी क्रिकेट के मैदान पर प्रेरणा है. लेकिन साथ ही वह देशभक्त भी है और एक ऐसा व्यक्ति जो अपने देश के लिए समर्पित है. पिछले कुछ हफ्तों से साथियों के साथ जमैका में अपने घर में हूं और इस दौरान चीजों के बारे में सोच विचार करने का समय मिला.''
उन्होंने लिखा, ''मैंने दोस्तों और परिवार के साथ इस वीडियो को साझा किया क्योंकि उन्हें पता है कि मैं सम्मान को लेकर कैसा महसूस करता हूं.'' धोनी प्रादेशिक सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल हैं. साथ ही वह पैराशूट से कूदने में सक्षम भी हैं. सेना की ड्यूटी करने के लिए धोनी ने वेस्टइंडीज दौरे से अपना नाम वापस ले लिया था. धोनी 15 दिन सेना के लिए ड्यूटी करेंगे और उनकी पोस्टिंग कश्मीर में हुई है.
कश्मीर में 15 दिन तक आर्मी को सेवाएं देंगे धोनी, विक्टर फोर्स के साथ जुडेंगे
