World Cup 2019: आस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वार्न ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप जीतने का दावेदार बताया है. वार्न का मानना है कि स्मिथ और वार्नर की वापसी से मौजूदा आस्ट्रेलियाई टीम में विश्व कप जीतने का दम है.
वार्न ने कहा, "मुझे लगता है कि सभी ने आस्ट्रेलिया को हल्के में ले लिया है क्योंकि पिछले 12 महीनों में उन्होंने अच्छी क्रिकेट नहीं खेली है, लेकिन कुछ महीनों में वनडे टीम में विश्वास जगा है. उन्होंने इस तरह शुरुआत की है कि वह वही आस्ट्रेलियाई टीम है जो बीते सालों में रही है. और यहां से वो जीत सकती है."
वार्न ने कहा, "मुझे लगता है कि विश्व कप में भारत और इंग्लैंड जीत की दावेदार के रूप में जा रही हैं क्योंकि उन्होंने हालिया दौर में अच्छी क्रिकेट खेली है. लेकिन अगर आप आस्ट्रेलिया का विश्व कप का इतिहास देखेंगे तो वो अलग है. हमने पिछला विश्व कप जीता है और बीते छह में से चार पर कब्जा किया है. इसलिए आस्ट्रेलिया को यह टूर्नामेंट रास आता है. मुझे विश्वास है कि वह विश्व कप जीत सकते हैं, मुझे लगता है कि वह विश्व कप जीतेंगे."
पूर्व लेग स्पिनर ने कहा, "इसके लिए हालांकि उन्हें इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया जैसी टीमों से पार पाना होगा. अगर आप मुझसे पसंदीदा टीमें पूछेंगे तो वह भारत और इंग्लैंड हैं लेकिन मुझे लगता है कि आस्ट्रेलिया ने अच्छी वापसी की है और एकता हासिल की है. ऐसे में आप वार्नर और स्मिथ को टीम में रख दें, यह अचानक से बेहतरीन टीम हो जाती है."
वार्न ने कहा, "स्मिथ बड़े खिलाड़ी हैं. अगर आप पिछले साल मार्च का समय देखेंगे तो उस समय कोहली, अब्राहम डिविलियर्स, स्मिथ, वार्नर, केन विलियिम्सन शीर्ष-5 खिलाड़ी थे. इसलिए आस्ट्रेलिया के पास दो ऐसे बल्लेबाज हैं जो शीर्ष-5 में हैं. उनका खोना बड़ा नुकसान था."
