नई दिल्ली: पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी भीषण आग के बाद अब लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज लेग स्पीनर शेन वॉर्न ने अपना कैप नीलाम कर उससे मिले पैसों को जंगल में लगी आग से प्रभावितों की मदद के लिए देने का फैसला किया है.

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पीनर शेन वॉर्न ने अपने करियर के दौरान करीब 145 टेस्ट मैचों में जिस कैप को पहना था उस कैप को अब उन्होंने नीलाम कर दिया है. वॉर्न की ये कैप 'बैगी ग्रीन' 10 लाख, 7 हजार, 500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर में बिकी है. अगर भारतीय मुद्रा की बात करें तो करीब पांच करोड़ रुपये में यह नीलाम हुई है. नीलामी में मिले फंड को वॉर्न ने जंगलों में लगी आग से प्रभावितों की मदद के लिए देने का फैसला किया है. साथ ही उन्होंने कैप को खरीदने वाले शख्स का भी शुक्रिया अदा किया है.

नीलामी के बाद शेन वॉर्न ने ट्विटर पर लिखा, 'जिन्होंने भी इस टेस्ट कैप के लिए बोली लगाई उन सभी का धन्यवाद और इस नीलामी में कामयाब बिडर (बोली लगाने वाला) को शुभकामनाएं, आपने अपनी उदारता दिखाते हुए मेरी खुशी को कई गुना बढ़ा दिया और यह अपेक्षा से बहुत ज्यादा है. यह पैसा सीधे ही रेड क्रॉस बुशफायर अपील को चला जाए. धन्यवाद, धन्यवाद, धन्यवाद.'

बता दें कि पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में आग से भयंकर तबाही मच गई थी. इस तबाही की चपेट में आकर कई लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. वहीं एक अनुमान के अनुसार इस आग से करीब 50 करोड़ से ज्यादा जीव-जंतु भी मारे गए थे.

ये भी पढ़ें

MS धोनी वनडे क्रिकेट से कब लेंगे संन्यास, रवि शास्त्री ने कही बड़ी बातIND Vs SL: भारत-श्रीलंका के बीच तीसरा टी-20 आज, साल की पहली सीरीज जीत पर टीम इंडिया की नजरें