World Cup 2019: इंग्लैंड और वेल्स की धरती पर खेले जाने वाले 12वें वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप की शुरुआत में चंद घंटे बाकी हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में करारी हार झेलने के बाद दूसरे प्रैक्टिस मैच में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 95 रन से हराकर जोरदार वापसी की है. हालांकि इस बीच वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले आईसीसी के ट्विटर हैंडल से रोहित शर्मा के जरिए टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों के राज सामने लाने की कोशिश की गई है.
इस वीडियो में रोहित शर्मा ने हार्दिक पांड्या को टीम का सबसे खराब डांसर बताया है. इतना ही नहीं रोहित शर्मा ने खुलासा किया है कि हार्दिक पांड्या सबसे ज्यादा सेल्फी लेते हैं. वीडियो में रोहित शर्मा के निशाने पर उनके ओपनिंग पार्टनर शिखर धवन भी आए और रोहित ने उन्हें सबसे खराब रूममेट करार दिया.
रोहित शर्मा ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए बताया है कि वो हमेशा जिम में पसीना बहाते रहते हैं. वहीं बैटिंग कोट संजय बांगड बस के लिए लेट होने वालों में से एक हैं. इनके अलावा कुलदीप यादव सबसे ज्यादा फोन पर बात करते हैं.
वीडियो से हटकर बात की जाए तो दोनों ही प्रैक्टिस मैचों में रोहित शर्मा उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. बांग्लादेश के खिलाफ रोहित शर्मा पिच पर टिकने की कोशिश कर रहे थे, पर 42 गेंद में 19 रन की बेहद धीमी पारी खेलकर चलते बने. हालांकि विराट कोहली का मानना है कि टूर्नामेंट की शुरुआत होने पर रोहित शर्मा और शिखर धवन अपने फॉर्म में वापस आ जाएंगे.
