नई दिल्ली:  प्रो कबड्डी लीग का पहला मैच तमिल थलाइवाज और पटना पाइरेट्स के बीच 7 अक्टूबर को खेला जाएगा. जहां पटना 3 बार प्रो कबड्डी लीग का खिताब जीत चुकी है तो वहीं तामिल थलाइवाज अब तक एक भी टाइटल जीतने में कामयाब नहीं हो पाई है. तामिल थलाइवाज ने लीग के पांचवें सीजन में ही अपना डेब्यू किया था. टीम का कमान स्टार खिलाड़ी अजय ठाकुर के हाथों में है.

पिछले सीजन में टीम कुछ खास नहीं कर पाई. 22 मैचों में वह केवल 6 में जीत दर्ज कर पाई थी. टीम का प्रदर्शन जरूर निराशाजनक रहा लेकिन मंजीत चिल्लर, जसवीर सिंह, और सुकेश हेगडे ने अपने खेल से सबका ध्यान आकर्शित किया. पांचवें सीजन में देखा गया कि तमिल थलाइवाज के खिलाड़ी मैच हारने के बावजूद कभी न हार मानने का जज्बा दिखाते नजर आए. वही जज्बा अगर बरकरार रहा थो वह इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं.

इस बार टीम में कई युवा और अनुभवी खिलाड़ी हैं जो टीम को मजबूती प्रदान करते हैं. मंजीत चिल्लर, जसवीर सिंह, सुकेश हेगडे, अजय ठाकुर, और अमित हुड्डा जैसे खिलाड़ी सीजन 6 में नए जोश के साथ खिताब के लिए दावा ठोकेंगे.

क्या कहते है सीजन 5 के आकड़े

सीजन 5 की बात करें तो टीम के सबसे सफल रेडर खुद कप्तान अजय ठाकुर रहे थे. उन्होंने 213 रेडिंग प्वाइंट्स हासिल किए थे. वह पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रेड करने वाले खिलाड़ियों में 5वें नंबर पर थे. वहीं सबसे सफल डिफेंडर 61 टेकल प्वाइंट्स के साथ अमित हुड्डा थे.

इस खिलाड़ी की कमी खलेगी

युवा रेडर प्रपंजन की कमी इस बार टीम को खलेगी. उन्हें इस बार गुजरात फार्च्यूनजायंट्स ने खरीदा है. पिछली बार जब अजय ठाकुर खराब फॉर्म में चल रहे थे तब प्रपंजन ने ही अपने खेल से टीम को संभाला था.

प्रो कबड्डी सीजन 6 के लिए तमिल थलाइवाज की टीम:

अजय ठाकुर, सुकेश हेगड़े, जसवीर सिंह, सुरजीत सिंह, के जयसीलन, अतुल एमएस, अनिल कुमार, अभिनन्दन चंदेल, आनंद, रजनीश, अमित हूडा, दर्शन, सी अरुण, सुनील कुमार, जै मिन ली, डी प्रदप, मंजीत छिल्लर, चैन सिक पार्क, विमल राज।