नई दिल्ली: प्रो कबड्डी के सीजन छठे के 34वें मैच में गुजरात फॉर्च्यूनजाएंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे मैच में शुक्रवार को तमिल थलाइवाज को 36-25 से हरा दिया. पिछले सीजन की उपविजेता गुजरात की चार मैचों में यह दूसरी जीत है. यह मैच पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्पलेक्स स्टेडियम में खेला गया.
गुजरात की टीम ने छठे सीजन के चौथे मैच में अब तक एक हार झेली है जबकि दो जीत के अलावा एक मैच टाई रहा है. वहीं, तमिल थलाइवाज को आठ मैचों में छठी शिकस्त झेलनी पड़ी है. तमिल थलाइवाज ने इस सीजन में अपना पहला मैच जीता था, लेकिन इसके बाद उसे लगातार पांच मैचों में मात मिली थी.
इस मुकाबले के पहले हाफ में गुजरात, तमिल से 16-14 से आगे थी और फिर दूसरे हाफ में भी लगातार प्वाइंट्स लेते हुए 36-25 से मैच अपने नाम कर लिया. गुजरात के लिए सचिन ने सर्वाधिक 12 प्वाइंट्स लिए. उनके अलावा अजय कुमार ने सात और महेंद्र राजपूत ने चार प्वाइंट्स जुटाए. गुजरात ने रेड से 21, टैकल से 13 और ऑलआउट से दो प्वाइंट्स हासिल किए.
तमिल की टीम ने रेड से 18 और टैकल से सात प्वाइंट्स जुटाए. तमिल के लिए अजय ठाकुर ने सात, सुकेश हेगडे ने छह, अमित हुडडा और जसवीर सिंह ने चार-चार प्वाइंट्स अर्जित किए.
