नई दिल्ली: प्रो कबड्डी लीग के छठे सीजन में 12वें मैच में दबंग दिल्ली ने पुणेरी पलटन पर 41-37 से जीत दर्ज की है. पहले हाफ में पिछड़ने के बाद नवीन कुमार के सात और चंद्रन रणजीत के छह प्वाइंट्स के दम पर दबंग दिल्ली जीता. ग्रुप-ए में शामिल दिल्ली की दो मैचों में यह पहली जीत है. इससे पहले हुए मुकाबले में गुजरात फॉर्च्यूनजाएंट्स और दिल्ली के बीच 32-32 से मैच टाई हो गया था. यह मैच हरियाणा के मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स में खेला गया.
वहीं, पुणेरी की तीन मैचों में यह पहली हार है और उन्हें एक मैच टाई खेलना पड़ा था जबकि उसने एक मैच जीता था. मुकाबले में पहले दिल्ली की टीम 20-22 के कम अंतराल वाले स्कोर से पीछे थी. लेकिन दूसरे हाफ में उसने शानदार वापसी करते हुए 41-37 से मैच जीत लिया.
दिल्ली के लिए नवीन और चंद्रन के अलावा विशाल ने पांच तथा मेराज शेख ने तीन प्वाइंट लिए और रेडर पवन कादियान ने भी सात प्वाइंट जुटाए.
दिल्ली ने रेड से 23, टैकल से 10, ऑलआउट से चार और चार अतिरिक्त प्वाइंट लिए. वहीं पुनेरी के नितिन तोमर ने सर्वाधिक 20 अंक जुटाए. उनके अलावा संदीप नरवाल और गिरिश मारुति एर्नेक ने चार-चार अंक लिए. पुनेरी ने रेड से 24, टैकल से नौ, ऑलआउट से दो और दो अतिरिक्त प्वाइंट लिए.
