बेंगलुरु: तेलुगु टाइटंस ने आज प्रो कबड्डी लीग में खेले गए 72वें मुकाबले में तमिल थलाइवाज को 35-30 से पटखनी दी. तमिल के लिए राहुल चौधरी ने शानदार खेल दिखाते हुए 900 रेड प्वाइंट्स पूरे किए. अपने दमदार खेल के बाद भी वो अपनी टीम की हार नहीं टाल सके. अब तक खेले 13 मुकाबलों में से तमिल को 8 में हार का मुंह देखना पड़ा.

तेलुगु के लिए सिद्धार्थ देसाई और विशाल भारद्वाज ने अच्छा खेल दिखाया. सिद्धार्थ ने जहां रेड करते हुए अपनी टीम को 9 अंक दिलाए, वहीं विशाल ने हाई 5 लगाया. तमिल के लिए युवा खिलाड़ी अजित कुमार ने अपना पहला सुपर 10 पूरा किया लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.

मैच के पहले हाफ में तेलुगु टाइटंस ने 19-14 की बढ़त बना ली थी. इस बढ़त को उन्होंने मैच के आखिर तक बरकरार रखा. अब तेलुगु को अपना अगला मैच 6 सितंबर को बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ खेलना है. वहीं आज खेले गए पहले मैच की बात करें तो हरियाणा स्टीलर्स ने पुनेरी पलटन को 41-27 से करारी शिकस्त दी. आज हरियाणा ने आठवीं जीत दर्ज की और इसके साथ ही वो प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर आ गई है.