नई दिल्ली: वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. कोचिंग स्टाफ की छुट्टी करते ही बोर्ड ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के लिए नए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है. नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में हफीज और मलिक जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है, जबकि सरफराज अहमद को खराब कप्तानी और बल्लेबाजी के बावजूद A कैटेगरी में रखा गया है. सरफराज के अलावा बाबर आजम और यासिह शाह A कैटेगरी में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं.

बोर्ड ने कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में अब 33 के बजाए सिर्फ 19 खिलाड़ियों को रखा है. पिछले सीजन में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों के लिए 5 ग्रेड रखे थे उन्हें भी इस बार घटाकर 3 कर दिया गया है. नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश सीरीज तक जारी रहेगी.

कैटेगरी A- बाबर आजम, सरफराज अहमद, यासिर शाह

कैटेगरी B- असद शफीक, अजहर अली, हारिस सोहेल, इमाम उल हक, मोहम्द अब्बास, शादाब खान, शाहिन अफरीदी, वाहब रियाज

कैटेगरी C- आबिद अली, हसन अली, फकर जमां, इमाद वसीम, मोहम्मद आमिर, मोहम्द रिजवान, शान मसूद, उस्मान शिनवारी

वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बावजूद मोहम्मद आमिर को C कैटेगरी में जगह दी गई है. नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में आमिर को C कैटेगरी में जगह मिलने की एक वजह उनका हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना भी हो सकता है.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उठाए कड़े कदम, मिकी ऑर्थर समेत पूरे कोंचिंग स्टाफ की छुट्टी की