World Cup 2019: इंग्लैंड में 30 मई से शुरू हो रहे वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का एलान हो गया है. 15 सदस्यों की टीम में दिनेश कार्तिक भाग्यशाली रहे और उन्हें अंतिम पलों में टीम में जगह मिल गई. वहीं रिषभ पंत टीम में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो पाए.

दूसरे विकेटकीपर और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए पंत का दावा काफी मजबूत था. टीम का एलान होने से पहले तक पंत का नाम टीम में तय माना जा रहा था. लेकिन चयनकर्ताओं ने बताया कि कार्तिक को उनके अनुभव के आधार पर पंत की जगह चुना गया.

ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले तक अंबाती रायडू का नाम भी वर्ल्ड कप टीम में तय माना जा रहा था. विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री मान चुके थे कि रायडू चौथे नंबर के बेहतर विकल्प हैं. पर ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन काफी औसत रहा. आईपीएल के शुरुआती मैचों में भी रायडू का परफॉर्म ना कर पाना, सिलेक्शन ना होने की वजह बना. विजय शंकर इस मामले में लकी रहे और उन्हें अपने अच्छे प्रदर्शन का इनाम टीम सिलेक्शन के तौर पर मिला.

अंजिक्य रहाणे का नाम भी तीसरे ओपनर के तौर पर चर्चा में था. पर आईपीएल में शानदार फॉर्म दिखाने वाले लोकेश राहुल टीम में जगह बनाने में कामयाब हो गए.

उमेश यादव और नवदीप सैनी का नाम चौथे तेज गेंदबाज के तौर पर चल रहा था. लेकिन सिलेक्टर्स ने तीन तेज गेंदबाजों के साथ ही वर्ल्ड कप में जाने को प्राथमिकता दी. खलील अहमद भी चौथे तेज गेंदबाज के तौर पर चनयकर्ताओं के सामने एक विकल्प थे. रवींद्र जडेजा इस मामले में लकी रहे और उन्हें टीम में जगह मिल गई.

वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का एलान, दिनेश कार्तिक को मिली जगह, पंत चूके