World Cup 2019: वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बैक अप प्लेयर्स को लेकर बड़ा फैसला किया है. नेशनल टीम मैनेजमेंट की बात मानते हुए पीसीबी ने मोहम्मद रिजवान और आबिद अली को बैक अप प्लेयर के तौर पर इंग्लैंड में ही रुकने की अनुमति दे दी है.
मोहम्मद रिजवान हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में सरफराज अहमद की जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. रिजवान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 2 शतक लगाने में कामयाब हुए थे. बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद रिजवान को वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यों की टीम में जगह नहीं मिली.
पाकिस्तान ने पहले वर्ल्ड कप के लिए जिस टीम का एलान किया था, उसमें आबिद अली को जगह दी गई थी. लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 4-0 की हार का सामना करने के बाद आबिद अली की जगह आसिफ अली को टीम में चुन लिया गया.
पीसीबी ने अब दोनों ही खिलाड़ियों को इंग्लैंड में रखने का रास्ता निकाल लिया है. अगर 15 सदस्यों की टीम में से किसी खिलाड़ी को चोट लग जाती है, तो इन दोनों में से किसी एक को वर्ल्ड कप टीम में सिलेक्ट होने का मौका मिल सकता है.
आसिल अली के अलावा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम में बदलाव करते हुए मोहम्मद आमिर और वहाब रियाज को इंग्लैंड भेजा है. इन तीनों ही खिलाड़ियों के नाम पहले घोषित की गई टीम में शामिल नहीं थे.
