Indian Premier League 2025: आईपीएल 2025 का रोमांच अपने चरम पर है. 18वें सीजन में अब तक 14 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इस दौरान पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स, दो ही ऐसी टीमें हैं, जिन्हें हार का सामना नहीं करना पड़ा है. आईपीएल में जहां 10 टीमें ट्रॉफी के लिए लड़ रही हैं. वहीं बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच पर्पल कैप और ऑरेंज कैप जीतने को लेकर भी होड़ मची रहती है. यहां जानिए आईपीएल 2025 में 14 मैच के बाद तक पर्पल और ऑरेंज कैप पर किन खिलाड़ियों का कब्जा है. 

ऑरेंज कैप की रेस में शामिल ये 3 बल्लेबाज

1- लखनऊ सुपर जायंट्स के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन के नाम ऑरेंज कैप है. वह अभी तक आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. पूरन के नाम तीन मैचों में 63 की औसत से 189 रन हैं. उन्होंने अब तक 17 चौके और 15 छक्के जड़े हैं. 

2- गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन दूसरे नंबर पर हैं. वह पूरन से सिर्फ तीन रन पीछे हैं. सुदर्शन के नाम तीन मैचों में 62 की औसत से 186 रन हैं. उन्होंने 16 चौके और 9 छक्के लगाए हैं. 

3- गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे जोस बटलर भी ऑरेंज कैप के दावेदारों में शामिल हैं. बटलर के नाम तीन मैचों में 83 की औसत से 166 रन हैं. बटलर ने 14 चौके और 9 छक्के लगाए हैं. 

पर्पल कैप पर नूर अहमद का कब्जा 

पर्पल कैप के लिए दिल्ली कैपिटल्स के मिचेल स्टार्क और चेन्नई सुपर किंग्स के नूर अहमद के बीच दिलचस्प जंग देखने को मिल रही है. स्टार्क ने दो मैचों में 8 विकेट लिए हैं. वहीं नूर अहमद के नाम तीन मैचों में 9 विकेट हैं. स्टार्क ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट झटके थे. इन दोनों के अलावा बाकी गेंदबाज काफी पीछे हैं. तीसरे नंबर पर मौजूद आरसीबी के जोश हेजलवुड के नाम तीन मैचों में छह विकेट हैं. गुजरात टाइटंस के साई किशोर, चेन्नई सुपर किंग्स के खलील अहमद और लखनऊ सुपर जायंट्स के शार्दुल ठाकुर के नाम भी 6-6 विकेट हैं.