आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले 'फिक्सिंग' से क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेल चुके वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेवोन सर्ल्स (Javon Searles) पर भ्रष्टाचार विरोधी नियमों के कई उल्लंघनों का आरोप लगाया है. इस लिस्ट में टीम के अधिकारी चित्रंजन राठौड़ और ट्रेवन ग्रिफिथ के रूप में दो और सदस्य भी शामिल हैं. 

आईसीसी की रिलीज में बताया गया कि तीनों लोगों पर बिम10 (Bim 10) टूर्नामेंट 2023/24 से संबंधित आरोप हैं, जो क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) भ्रष्टाचार-विरोधी संहिता के अंतर्गत आते हैं. इसके अलावा, ग्रिफिथ पर अंतर्राष्ट्रीय मैचों से संबंधित एक आरोप है, जो आईसीसी भ्रष्टाचार-विरोधी संहिता के अंतर्गत आता है. 

आगे कहा गया कि टाइटन्स टीम के मालिक राठौड़ पर क्रिकेट वेस्टइंडीज संहिता के तहत तीन आरोप हैं, जबकि सर्ल्स पर वेस्टइंडीज क्रिकेट संहिता के चार आरोप हैं. वहीं टीम के अधिकारी ग्रिफिथ पर वेस्टइंडीज क्रिकेट संहिता के तहत चार आरोप और आईसीसी संहिता के तहत एक आरोप है. 

तत्काल प्रभाव से तीनों स्सपेंड 

रिलीज में बताया गया कि तीनों को तत्काल प्रभाव से सभी तरह के क्रिकेट से अस्थायी रूप से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है और उन्हें 11 मार्च 2026 से 14 दिनों के भीतर आरोपों का जवाब देना होगा.

इन अपराधों का लगा आरोप 

क्रिकेट वेस्टइंडीज संहिता के अनुच्छेद 2.1.1 का उल्लंघन: 2023/24 में बिम10 टूर्नामेंट के मैचों के नतीजे, प्रगति, आचरण या अन्य किसी भी पहलू को अनुचित तरीके से प्रभावित करना, या किसी समझौते या कोशिश का पक्षकार होना, या ऐसा करने की कोशिश करना.

क्रिकेट वेस्टइंडीज संहिता के अनुच्छेद 2.1.4 का उल्लंघन: खिलाड़ियों या स्पोर्ट स्टाफ को क्रिकेट वेस्टइंडीज संहिता के तहत अपराध करने के लिए उकसाना, निर्देश देना, प्रोत्साहित करना या सुविधा प्रदान करना. 

क्रिकेट वेस्टइंडीज संहिता के अनुच्छेद 2.4.4 का उल्लंघन: क्रिकेट वेस्टइंडीज संहिता के तहत संभावित अपराधों के संबंध में नामित भ्रष्टाचार विरोधी अधिकारी (या उनके नामित व्यक्ति) के जरिए की गई उचित जांच में सहयोग करने में विफल रहना या मना करना. 

इसके अलावा ट्रेवन ग्रिफिथ पर दो और आरोप लगाए गए हैं, जिसमें एक आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन भी शामिल है. 

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 के टिकट कहां और कैसे कर सकेंगे बुक, जानें कब से शुरू होगी बिक्री