साउथम्पटन: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान पूर्व कप्तान और मौजूदा सहायक कोच पॉल कॉलिंगवुड को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड और जोफ्रा आर्चर के चोटिल होने के बाद शनिवार को यहां फिल्डर के रूप में मैदान पर उतरना पड़ा.

इंग्लैंड को कप्तान के तौर पर 2010 टी20 विश्व कप में चैम्पियन बनाने वाले फील्डिंग कोच कॉलिंगवुड को जोफ्रा आर्चर के स्थान पर फील्डिंग के लिए मैदान में उतरना पड़ा. आर्चर सीमारेखा के पास फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए थे.

आर्चर खुद ही मार्क वुड के चोटिल होने के बाद उनके स्थान पर फील्डिंग के लिए उतरे थे. अपने चौथे ओवर की गेंदबाजी के दौरान वुड की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया. कप्तान इयोन मोर्गन अंगुली और स्पिनर आदिल रशीद कंधे में चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं.

कॉलिंगवुड ने 2001 से 2011 के बीच इंग्लैंड के लिए 197 एकदिवसीय मैचों में 5,000 से अधिक रन बनाने के साथ 111 विकेट भी चटकाए हैं. उन्होंने 68 टेस्ट और 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया है.