नई दिल्ली: चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ दमदार पारी के बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में भी हार्दिक पांड्या खुद को साबित कर चुके हैं. श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में अपने करियर की पहली सेंचुरी लगाने वाले ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अब अपने इस शानदार प्रदर्शन और इस मकाम तक पहुंचाने के लिए अपने पिता को थैंक्स बोला है. पांड्या ने बेहद निराले अंदाज़ में अपने पिता को सरप्राइज़ गिफ्ट देकर उन्हें खुशी के अहम पल भी दिए. हार्दिक ने बीते दिन लगातार एक के बाद एक ट्वीट कर अपने पिता को सरप्राइज़ देते हुए एक कार गिफ्ट की. पांड्या ने ट्वीट करते हुए कहा, 'मेरे पिता को जीवन की सभी खुशियां मिलनी चाहिए. मेरी कामयाबी का पूरा श्रेय मेरे पिता को जाता है.' इतना ही नहीं उन्होंने इस दौरान एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह अपने पिता को बता रहे हैं कि जिस कार के पास वो खड़े हैं इसके मालिक आप हैं.' उन्होंने अपने पिता को जीप कंपनी की एक कार गिफ्ट की.
पांड्या ने एक और ट्वीट में लिखा 'पिता के चेहरे पर इतनी खुशी देखकर बहुत अच्छा लगता है. उन्होंने मेरे और क्रुणाल के करियर के लिए सब कुछ छोड़ दिया. इसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए.' पांड्या ने कहा कि उनके पिता ने उनके करियर के लिए इतना सब किया. इसके बाद पांड्या ने लिखा, 'उन्होंने हमारे लिए जो कुछ किया है उसके लिए मैं उन्हें जितना भी शुक्रिया अदा करूं वह कम है.' इसके साथ ही पांड्या ने अपने भाई का भी खास शुक्रिया किया, जिन्होंने यह संभव किया. इस सरप्राइज के समय पांड्या मौके पर मौजूद नहीं थे तो उनके भाई ने उनके पिता को ये सरप्राइज़ दिया.