अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की एग्जीक्यूटिव कमिटी ने टेक्निकल कमिटी की सिफारिश पर भारतीय नेशनल फुटबॉल टीम के हेड कोच के रूप में खालिद जमील के नाम पर मुहर लगा दी है. कुवैत में जन्मे जमील ने भारत के लिए 40 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं. महासंघ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि टेक्निकल समिति के सदस्यों द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता अरमांडो कोलाको और ध्यानचंद पुरस्कार विजेता शब्बीर अली ने अपने विचार व्यक्त किए कि एआईएफएफ को सीनियर नेशनल फुटबॉल टीम के लिए एक भारतीय कोच के चयन को प्राथमिकता देनी चाहिए.

जमील से पहले भारत के हेड कोच स्पेन के मनोलो मार्केज़ थे, वह हाल में खराब प्रदर्शन के बाद अपने पद से हट गए थे. बतौर हेड कोच जमील का पहला काम सेंट्रल एशियन फुटबॉल एसोसिएशन नेशंस कप होगा. ये टूर्नामेंट ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में 29 अगस्त से 8 सितंबर के बीच खेला जाएगा. इसमें कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी.

13 साल बाद नेशनल टीम को मिला भारतीय हेड कोच

खालिद 13 साल बाद भारतीय नेशनल फुटबॉल टीम के पहले ऐसे फुल टाइम हेड कोच बने हैं, जो भारत के ही हैं. इससे पहले 2011 से 2012 तक Savio Madeira भारतीय कोच थे.

खालिद जमील के बारे में, बतौर प्लेयर उनका करियर

खालिद जमील का जन्म 21 अप्रैल 1977 को कुवैत सिटी में पंजाबी परिवार में हुआ था. अंडर-14 के बाद वह भारत शिफ्ट हो गए थे. वह मिडफील्डर पोजीशन पर खेलते थे. उन्होंने 1997 से अपने सीनियर करियर की शुरुआत महिंद्रा यूनाइटेड के लिए खेलते हुए की थी. सीनियर करियर में उन्होंने कुल 248 मैच खेले, जिसमें उन्होंने कुल 45 गोल्ड दागे. भारतीय नेशनल फुटबॉल टीम के लिए खालिद जमील ने 1998 से 2006 के बीच कुल 40 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 4 गोल दागे.

  • 1997-1998: महिंद्रा यूनाइटेड- 38 मैचों में 10 गोल 
  • 1998-2001: एयर इंडिया-  48 मैचों में 4 गोल 
  • 2001-2007: महिंद्रा यूनाइटेड- 120 मैचों में 25 गोल 
  • 2007-2009: मुंबई- 42 मैचों में 6 गोल
  • 1998-2006: भारत- 40 मैचों में 4 गोल.

खालिद जमील कोचिंग करियर

जमील के पास एक दशक से भी अधिक समय तक कोचिंग का अनुभव है. उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि Aizawl FC के साथ 2016-17 का आई-लीग का खिताब जीतना था. इस दौरान उनके क्लब ने मोहन बागान, ईस्ट बंगाल जैसी बड़ी टीमों को हराया था. उन्हें इंडियन सुपर लीग में कोचिंग का भी अच्छा अनुभव है. उनकी कोचिंग में 2020-21 में नार्थईस्ट यूनाइटेड और 2024-25 में जमशेदपुर एफसी ने आईएसएल के प्लेऑफ में जगह बनाई थी.