नई दिल्ली: रूस में चल रहे वर्ल्ड कप 2018 में ग्रुप 16 में पहुंचने वाली तकरीबन सभी टीमों के बारे में ये तय हो चुका है कि कौन सी टीम अगले दौर में जा सकती है. इन मैचों को लेकर जहां टीमें शानदार प्रदर्शन तो कर ही रहीं हैं तो वहीं में फैंस का भी उत्साह देखने लायक हैं. लेकिन इस दौरान वर्ल्ड कप के दौरान लाइव रिपोर्टिंग कर रही महिला रिपोर्टर के साथ कुछ ऐसा हुआ जो काफी शर्मनाक है. एक जर्मन टीवी चैनल के लिए वर्ल्ड कप के मैचों की रिपोर्टिंग कर रहीं महिला रिपोर्टर जूलिएथ गोंजालेज थेरन के साथ लाइव रिपोर्टिंग के दौरान एक शख्स ने बदसलूकी की. जूलिएथ कैमरे पर लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं कि अचानक एक अजनबी शख्स आया और उनके गाल पर जबरन किस करते हुए छेड़छाड़ की और वहां से निकल गया.

रिपोर्टर ने ऐसे दिया जवाब

रिपोर्टर ने इस घटना के बाद कोई रिएक्शन नहीं दिया और नॉर्मल होकर अपनी रिपोर्ट पूरी की. लेकिन जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा तो लोग भी इसपर अपनी प्रतिक्रिया देने लगे. DW स्पोर्ट्स के लिए काम कर रही रिपोर्टर ने इस घटना का वीडियो जहां अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया तो वहीं DW स्पोर्ट्स ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर इस घटना की निंदा की और लिखा की यौन उत्पीड़न को पूरी तरह से रोका जाना चाहिए चाहे वो फुटबॉल हो या कुछ और.

गोंजालेज ने विडियो के साथ इंस्टाग्राम पर लिखा, 'सम्मान ! हम इस तरह के खराब रवैये के हकदार नहीं हैं. हमारा काम भी अहम है और हम भी बराबरी से प्रोफेशनल्स हैं. मैं फुटबॉल की खुशी को शेयर करती हूं लेकिन हमें प्यार और शोषण के बीच की हद को पहचानने की जरूरत है. '

गोंजालेज ने आगे लिखा, 'मैं घटनास्थल पर ब्रॉडकास्ट के लिए करीब 2 घंटे तक रही और किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी. फिर हमने लाइव किया और फैन ने इसी का फायदा उठाया. जब मैंने बाद में ढूंढ़ा तो वह वहां से जा चुका था.' गोंजालेज की प्रोफाइल के मुताबिक, वह कोलंबिया से हैं और बर्लिन में रह रही हैं. वह अकसर जर्मनी से फुटबॉल की रिपोर्ट भेजती हैं.

फैन ने माफी मांगी

आपको बता दें कि इस घटना के बाद जिस फैन ने रिपोर्टर के साथ बदसलूकी की थी उसने बाद में रिपोर्टर से माफी मांगी और कहा कि, ऐसा उसने इसलिए किया क्योंकि उसने अपने दोस्त से इस चीज को लेकर बाजी लगाई थी. जिसे पूरा करने के लिए और जीतने के लिए उसे ऐसा करना पड़ा.