बस दुर्घटना में कनाडा के जूनियर हॉकी टीम के 14 खिलाड़ियों की मौत
एबीपी न्यूज वेब डेस्क | 07 Apr 2018 04:35 PM (IST)
खिलाड़ियों को ले जा रही बस सस्काचेवान के ग्रामीण इलाके में ट्रैक्टर ट्रेलर से टकरा गई.

नई दिल्ली: कनाडा की जूनियर हॉकी टीम के 14 खिलाड़ियों की बस दुर्घटना में मौत हो गई. खिलाड़ियों को ले जा रही बस सस्काचेवान के ग्रामीण इलाके में ट्रैक्टर ट्रेलर से टकरा गई. फिल्हाल ये जानकारी कनाडा की मीडिया ने पुलिस सूत्रों के हवाले से दी है. खबर के मुताबिक 14 अन्य लोग भी घायल हुए हैं जिसमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है. खिलाड़ियों को ले जा रही बस उत्तर की तरफ जा रही थी. टीम को सस्काचेवान जूनियर हॉकी लीग में निपाविन हॉक्स के खिलाफ प्लेऑफ मुकाबला खेलना था. ट्रैक्टर से टकराई बस मामले की जांच कर रही रॉयल कनाडियन माउंटेड पुलिस ने कल दुर्घटना में खिलाड़ियों की मौत और घायल लोगों की पुष्टि की थी. उन्होने कहा , ‘‘ ट्रैक्टर ट्रेलर और बस के टकराने से बड़ी दुर्घटना हुई है.'' ब्रोनकोस टीम के अध्यक्ष केविन गारिंगेर ने कहा , ‘‘ यह इतनी बड़ी दुर्घटना है जिसके बारे में हम सोच भी नहीं सकते. ’’ ब्रोनकोस टीम में कनाडा के 16 से 21 साल के 24 खिलाड़ी है. वहीं इस दुर्घटना के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने युवा खिलाड़ियों से जुड़ी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया. ट्रुडो ने ट्विटर पर लिखा , " मैं कल्पना नहीं कर सकता कि उनके माता - पिता पर क्या गुजर रही होगी. हमबोल्ड्ट समुदाय और इस भयानक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदना है. ’’