नई दिल्लीः बैंगलोर के खिलाफ हैदराबाद की टीम अपने स्टार खिलाड़ी युवराज सिंह के बगैर मैदान पर उतरेगी. युवराज फिलहाल अपने टखने की चोट से जूझ रहे हैं. लेकिन टीम में वापसी के लिए वो जी जान से लगे हैं.
बाएं पैर पर प्लास्टर. सामने मोटी सी रस्सी. और रस्सी के साथ बंधे भारी वजन वाले प्लेट.
मैदान पर वापसी के लिए किसी खिलाड़ी को इस तरह से ट्रेनिंग करते शायद ही आपने देखा होगा. लेकिन युवराज सिंह वो खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक बार नहीं, दो बार नहीं, बल्कि हर बार चुनौतियों का सामना करके ज़बरदस्त वापसी की है.
आईपीएल में खेलने के लिए युवराज अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं. युवराज मोटी रस्सी में लगे भारी वजन को खींच रहे हैं. इस एक्सरसाइज से अपर बॉडी की स्ट्रेंथ बढ़ती है.
पैर में लगे प्लास्टर की वजह से युवी भागदौड़ तो नहीं कर सकते. इसलिए उन्होने अपने आप को फिट रखने का ये उपाय निकाला है.
युवी लगातार वेट ट्रेनिंग कर रहे हैं और तस्वीरों के ज़रिए फैंस को फिटनेस का अपडेट भी दे रहे हैं.
युवराज सिंह को अगले 2 हफ्ते के लिए मैदान से बाहर रखा गया है. लेकिन जिस तरह की ट्रेनिंग वो कर रहे हैं उससे तो उम्मीद यही है कि वो जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे.
