नई दिल्ली/वडोदरा: कोलकाता नाइट राइडर्स के विस्फोटक बल्लेबाज़ और टीम इंडिया में खेल चुके यूसुफ पठान के घर किलकारियां गूंजी हैं. जी हां यूसुफ पठान की पत्नी ने गुरूवार सुबह बेटे को जन्म दिया है. यूसुफ पठान के भाई इरफान पठान ने ट्वीट कर कहा 'मुबारका मेरे भाई, अल्लाह बच्चे को अच्छी सेहत दे'. 

यूसुफ पठान के घर दूसरे बच्चे ने जन्म लिया है इससे पहले भी आईपीएल के दौरान ही साल 2014 में उनकी पत्नी ने पहले बच्चे को जन्म दिया था. खबरों के मुताबिक अपने न्यूबॉर्न बेबी को देखने के लिए यूसुफ अपनी टीम का मैच मिस कर सकते हैं. इससे पहले हाल ही में क्रिस गेल के घर भी एक नन्ही परी आई है. जिस वजह से गेल भी आरसीबी टीम को बीच में छोड़ अपने बेबी के पास वेस्टइंडीज़ लौट गए हैं.

यूसुफ पठान ने टीम इंडिया के लिए साल 2007 में अपना डेब्यू किया था जब वर्ल्ड टी20 फाइनल में उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ ओपन करने का मौका मिला था. 

आईपीएल के पहले सीज़न में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए ट्रॉफी जीतने में यूसुफ पठान ने अहम भूमिका निभाई थी. 

पठान परिवार के लिए ये साल दूसरी खुशखबरी लेकर आया है इससे पहले टीम इंडिया के ऑल-राउंडर इरफान पठान भी इसी साल शादी के बंधन में बंध गए थे.