नई दिल्लीः न्यूजीलैंड को 3-0 से धोने के बाद अब टीम इंडिया के सामने इंग्लैंड की चुनौती है. पांच टेस्ट मैच की सीरीज के लिए टीम का ऐलान बुधवार को होगा. इंग्लैंड की टीम को भारत में पांच टेस्ट, तीन वनडे और दो टी20 खेलने हैं. इस सीरीज के लिए कई खिलाड़ियों पर देश की नजरें बनी रहेंगी.
युवराज सिंह की होगी वापसी ?
रणजी में युवराज सिंह के बल्ले से खुब रन निकल रहे हैं. इस सीजन में उनके बल्ले ने एक शतक और एक दोहरा शतक लगा कर फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए है. युवराज इस सीजन में 4 मैचों में 587 रन बना चुके हैं. 83.85 की स्ट्राइक रेट से जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल है.
युवराज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा 260 का स्कोर बनाया है. रणजी ट्रॉफी में ये उनका पहला दोहरा शतक है. उनकी स्पिन गेंदबाजी इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उनके पक्ष को और मजबूत कर रही है. सवाल सिर्फ इतना है कि किस फॉर्मेट में युवराज की जगह बनती है, टी20, वनडे या फिर लंबी पारियां खेलने के बाद टेस्ट.
गौतम गंभीर
वहीं दलीप ट्रॉफी के बाद रणजी में भी दिल्ली के कप्तान गौतम गंभीर ने 147 रन का बड़ा शतक जड़ा है. इस शतक के बाद इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उन्हें टीम से बाहर करना और मुश्किल हो जाएगा. के एल राहुल और शिखर धवन के चोटिल होने के बाद गौतम आखिरी टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में शामिल हुए थे. उनके पक्ष में जो बात जा रही है कि इस बीच शिखर धवन और के एल राहुल ने घरेलु क्रिकेट का कोई मैच नहीं खेला है जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट नौ नवंबर से खेला जाना है.
स्टुअर्ट बिन्नी
स्टुअर्ट बिन्नी ने भी रणजी में अच्छा खेल दिखाते हुए शतक लगाया है. स्टुअर्ट बिन्नी टीम में आते और बाहर जाते रहे हैं. टीम को आलराउंडर की जरूरत महसूस हुई तो बिन्नी के नाम पर चर्चा हो सकती है. बिन्नी ने तीन मैचों में 285 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है.
ईशांत शर्मा
ईशांत शर्मा न्यूजीलैंड सीरीज से पहले चिकनगुनिया के शिकार हो गए थे. अब उन्होंने रणजी में मैच खेलने शुरू तो किए लेकिन अब तक वही दम नहीं दिखा पाए हैं जिसके लिए उन्हें जाना जाता है. वहीं दूसरे तेज गेंदबाज भुवनेश्वर भी मैदान पर उतर नहीं पाए हैं.
ऐसे में यही लग रहा है कि इंग्लैंड सीरीज के पहले टेस्ट मैच में वही टीम खेलेगी जो न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट में खेली थी