कोरोना के कारण तंगहाली में वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड, खिलाड़ियों की कमाई पर पड़ रहा असर
एबीपी न्यूज़ | 23 Apr 2020 09:39 AM (IST)
क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुताबिक बोर्ड की कमाई जिन स्रोत से होनी थी, कोरोना के कारण उनमें रुकावट आई है और इसका असर खिलाड़ियों के भुगतान पर पड़ रहा है.

कोरोनावायरस के कारण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे असर और क्रिकेट सीरीज टलने का असर अब खिलाड़ियों की कमाई पर भी दिखने लगा है. पहले से ही वित्तीय संकट से जूझ रही वेस्टइंडीज क्रिकेट की मुख्य संस्था क्रिकेट वेस्टइंडीज को कोरोनावायरस के कारण और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसका नतीजा ये हुआ है कि बोर्ड अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खिलाड़ियों को उनकी मैच फीस नहीं दे पाया है. ईएसपीएन-क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपने खिलाड़ियों को जनवरी से लेकर मार्च तक की मैच फीस नहीं दी है. सामान्य स्थिति में ये भुगतान फरवरी के अंत तक हो जाना था, लेकिन बोर्ड नकदी की कमी से जूझ रहा है. वेस्टइंडीज की पुरुष टीम को जनवरी में आयरलैंड के खिलाफ हुई वनडे और टी20 सीरीज और फिर फरवरी-मार्च में श्रीलंका के खिलाफ वनडे-टी20 सीरीज के लिए मैच फीस का भुगतान नहीं हुआ है. इसी तरह महिला टीम को फरवरी-मार्च में हुए टी20 वर्ल्ड कप के मैच फीस अभी तक नहीं दी गई है. इतना ही नहीं, बोर्ड घरेलू क्रिकेटरों को भी भुगतान नहीं कर पाया है. वेस्टइंडीज प्लेयर्स एसोसिएशन के सचिव वेन लुइस के मुताबिक, अनुबंधित स्थानीय खिलाड़ियों को मासिक वेतन-भत्तों का भुगतान तो किया जा चुका है लेकिन घरेलू फर्स्ट क्लास कॉम्पटीशन के लिए मैच फीस नहीं दी गई है.