कोलकाता: साउथ अफ्रीका में टीम इंडिया के लचर प्रर्दशन पर चारों तरफ से आलोचना हो रही है. कई पूर्व दिग्गजों ने कप्तान विराट कोहली की कप्तानी सवाल उठाए लेकिन अब इस लिस्ट में हरभजन सिंह का भी नाम जुड़ गया है. हरभजन सिंह का मानना है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ कड़े दौरे से पहले भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलकर बहुत कम फायदा हुआ.

भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले ही टेस्ट सीरीज गंवा चुकी है और टीम पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है.

हरभजन ने टीम के तैयारियों को लेकर कहा कि मुझे लगता है श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज से हमें बहुत कम फायदा हुआ. हमें शायद ही उससे कुछ मिला. इससे अच्छा यह होता कि कुछ भारतीय खिलाड़ी पहले ही साउथ अफ्रीका चले जाते. अगर साउथ अफ्रीका नहीं तो तैयारियों के लिये धर्मशाला भी उपयुक्त जगह है.’’

सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट में मैच के बाद हरभजन ने कहा, ‘‘ साउथ अफ्रीका के मुश्किल दौरे से पहले धर्मशाला की ऊंचाई और ठंडे मौसम के साथ वहां तेजी और उछाल के बीच तैयारी करना अनुकूल होता.’’

इसके अलावा अजिंक्य रहाणे को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किए जाने पर भी हरभजन ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि अगर रहाणे खेलते तो नतीजा कुछ और होता. हरभजन ने कहा कि रहाणे के टीम में रहने, ना रहने पर अलग अलग राय हो सकती है लेकिन भुवनेश्वर को टीम में होना चाहिये था.

उन्होंने कहा, ‘‘ आज के दौर में भुवनेश्वर इशांत की तुलना में बड़े मैच विनर हैं. भुवी ने जब भी अच्छा प्रदर्शन किया, भारतीय टीम ने भी अच्छा किया है. मुझे अब भी उम्मीद नहीं है कि सबकुछ खत्म नहीं हुआ है. जोहान्सबर्ग में हम वापसी कर सीरीज को 2-1 कर सकते हैं.’’