ऑलराउंडर आंद्रे रसेल की तूफानी पारी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल सीजन-12 के दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया. केकेआर के लिए रसेल ने 49 रनों की तूफानी पारी खेली. रसेल अपनी इस पारी में महज 19 गेंदों का सामना किया जिसमें चार चौके और इतने ही छक्के लगाए.
रसेल ने शुभमन गिल के साथ मिलकर महज 25 गेंदों पर पांचवें विकेट के लिए 65 रनों की नाबाद साझेदारी की और इस तरह कोलकाता हैदराबाद से जीत को छीन लिया.
हैदराबाद से मिले 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत खराब रही थी और उसने सात रनों के स्कोर पर ही क्रिस लिन (7) का विकेट गंवा दिया. इसके बाद नीतीश राणा (68) और रोबिन उथप्पा (35) ने दूसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकालने की कोशिश की.
तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल ने उथप्पा को टीम के 87 के स्कोर पर बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया. उथप्पा ने 27 गेंदों पर तीन चौका और एक छक्का लगाया. उथप्पा के आउट होने के बाद कोलकाता ने 95 के स्कोर पर कप्तान दिनेश कार्तिक (2) के रूप में अपना तीसरा विकेट और 118 के स्कोर पर राणा के रूप में अपना चौथा विकेट गंवा दिया.
इसके बाद कोलकाता को आखिरी तीन ओवरों में जीत के लिए 53 रनों की जरूरत थी. पांचवे नंबर पर खेलने उतरे रसेल के ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के आगे हैदराबाद के गेंदबाजों की एक ना चली और उसे 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा.
रसेल के अलावा शुभमन गिल ने 10 गेंद में नाबाद 18 रन बनाए.
