नई दिल्ली: आईपीएल की विदाई को लगभग 15 दिनों का वक्त हो चला है. क्रिकेट फैंस बेसब्री से एक फार फिर से क्रिकेट के जुनून में रंगने के लिए तैयार हैं. भारतीय टीम अब से ठीक चार दिन बाद एक बार फिर मैदान पर उतरेगी.
जी हां, 14 जून से बेंगलुरू में भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट खेला जाएगा. अफगानिस्तान टीम के लिए ये टेस्ट ऐतिहासिक इस लिहाज़ से भी है क्योंकि यहां से वो टेस्ट क्रिकेट में अपना पर्दापण करेगी.
विराट कोहली नहीं होंगे शामिल:हालांकि इस टेस्ट में भारतीय कप्तान विराट कोहली शामिल नहीं होंगे. दरअसल जब अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट के लिए टीम का चयन किया जा रहा था. तब विराट को इस टीम में इसलिए नहीं चुना गया था क्योंकि विराट अगले महीने से शुरू होने वाले इंग्लैंड दौरे से पहले इंग्लैंड में जाकर काउंटी क्रिकेट खेलना चाहते थे. लेकिन आईपीएल में कंधे की चोट की वजह से वो वहीं नहीं जा सके.
विराट के नाम होगा वर्ल्ड रिकॉर्ड:अफगानिस्तान के खिलाफ भले ही विराट टेस्ट में ना खेलें लेकिन वो इंग्लैंड में खेली जाने वाली वनडे सीरीज़ में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. विराट कोहली अभी वनडे क्रिकेट में 200 पारियों में 9588 रन बना चुके हैं और उन्हें 10 हज़ार रन पूरे करने के लिए महज़ 412 रनों की दरकार है. जिस फॉर्म से विराट कोहली अभी गुज़र रहे हैं तो उनके लिए जल्द से जल्द ये मकाम छूना मुश्किल नहीं है.
सबसे कम पारियों में पूरे करेंगे 10 हजार रन:विराट कोहली इस रिकॉर्ड को जल्द से जल्द हासिल कर तमाम दिग्गज़ों को पीछे छोड़ सकते हैं. अभी सबसे कम पारियों में 10 हज़ार रन पूरे का वर्ल्ड रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम है. सचिन ने 259 पारियों में ये कारनामा किया है. जबकि विराट ने अभी तक कुल 200 पारियां खेली हैं और वो 10 हज़ार रन पूरे करने से 412 रन पीछे हैं. इस लिहाज़ से ये कहा जा सकता है कि वो जल्द ही सबसे तेज़ 10 हज़ार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज़ बन जाएंगे.
