कोलकाताः न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन आज विराट कोहली के खिलाफ साजिश हो रही थी. लेकिन वो ना सिर्फ इस साजिश से निकले बल्कि टीम को मुश्किल से भी निकाला. वहीं रोहित शर्मा ने भी टीम इंडिया के लिए जीत की राह आसान कर दी. 

 

विराट के खिलाफ साजिश फ्लॉप 

 

ईडन गार्ड्न में ऐसी विकेट जिसमें खड़े रहना मुश्किल है. एक ऐसा प्लान जो विराट को परेशान करने के लिए ही बनाया गया. बावजूद इसके विराट कोहली लड़े और इस लड़ाई में जीत की ओर कदम भी बढ़ा चुके हैं. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 227 रन बना लिए हैं और विराट के पास 339 रन की बढ़त है. ऐसे में कोलकाता में जीत टीम इंडिया से दूर नहीं है.  

 

जब लड़े विराट 

 

टीम इंडिया की दूसरी पारी लड़खड़ाते हुए शुरू हुई. बोर्ड पर 24 रन ही जुटे थे और 2 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. ऐसे वक्त में कप्तान मैदान पर उतरे. पिछले 5 पारियों में रन ना बना पाने का दबाव वैसे ही सिर पर था. ऊपर से कोलकाता की ये पिच विराट की परीक्षा ले रही थी. विराट के सामने ही शिखर और रहाणे पवेलियन लौटे. पर विराट डटे रहे. विराट के खिलाफ न्यूजीलैंड ने 83 साल पुराना प्लान भी बनाया. 1933 में सर डॉन ब्रैडमैन के खिलाफ इंग्लैंड ने यही प्लान अपनाया था और वो प्लान था बॉडीलाइन बॉलिंग.

 

विराट पर बार-बार बाउंसर से हमला किया गया. विराट के बॉडी को निशाना बनाने की कोशिश की गई. कानपुर में विराट कोहली ऐसे ही शॉट पिच गेंद पर आउट हुए थे. लेकिन कोलकाता में विराट ने दोबारा वो गलती नहीं की. विराट ने 65 गेंद पर 45 रन बनाए. जिसमें 7 चौके शामिल थे. वो अपना अर्द्धशतक पूरा करते उससे पहले एक नीची रहती गेंद ने उनके इरादे पर ब्रेक लगा दिया. आउट होने से पहले विराट ने रोहित शर्मा के साथ 48 रन की अहम साझेदारी की. विराट की मेहनत को रोहित ने बर्बाद नहीं होने दिया. 

 

 

रोहित ने दिखाया दम

 

विराट के आउट होने के बाद रोहित ने टीम इंडिया की बल्लेबाजी को अपने कंधे पर उठाया. एक बेहद मुश्किल विकेट पर रोहित ने हौंसला दिखाते हुए शानदार अर्धशतक लगाया. ये रोहित के टेस्ट करियर का छठा अर्धशतक है. रोहित ने 82 रन बनाए और साहा के साथ सातवें विकेट के लिए 103 रनों की साझेदारी कर टीम की बढ़त को 300 के पार पहुंचाया.

 

इन दो बल्लेबाजों की वजह से टीम इंडिया फिलहाल कोलकाता टेस्ट में जीत की दावेदार बन चुकी है. सवाल ये है कि क्या टीम इंडिया चौथे दिन ही मैच अपने नाम कर पाएगी.