लखनऊ: उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) ने रणजी ट्रॉफी में टीम के खराब प्रदर्शन पर कड़ी कार्रवाई करते हुये टीम निदेशक गोपाल शर्मा और कोच मृत्युंजय त्रिपाठी को उनके पदों से हटा दिया है.

सुजीत सोमसुंदर को टीम का मुख्य कोच और मंसूर अली खान को गेंदबाजी और फील्डिंग कोच बनाया गया है. इन दोनों की निगरानी में ही लखनऊ में दो जनवरी से टीम का अभ्यास शिविर लगाया जाएगा.

उप्र क्रिकेट संघ के सचिव युदध्वीर सिंह ने बताया कि मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी और विजय हजारे वनडे ट्रॉफी के लिये इन दोनों का चयन किया गया है.

सिंह से पूछा गया कि पूर्व कोच और निदेशक को बीच सत्र में टीम के खराब प्रदर्शन के कारण निकाला गया है तो उन्होंने कहा, ‘‘आप ऐसा भी सोच सकते है. रणजी टीम का प्रदर्शन तो वास्तव में खराब था और हमारी टीम लीग मैचों से ही बाहर हो गयी .’’

उप्र रणजी टीम पिछले कुछ सीजन से लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है. टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के बीच तनातनी भी आम बात है. बीते 3-4 सीजन में हर बार कोच बदले जा रहे थे, लेकिन इस बार बढ़ते दबाव के बाद सत्र के बीच में ही निदेशक और कोच को हटाने का फैसला किया गया है. दोनों को इस सत्र की शुरुआत में ही नियुक्त किया गया था.

यूपीसीए के मुताबिक, सैयद मुश्ताक अली टी-20 और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए सोमसुंदर और मंसूर अली खान को नियुक्त किया गया है.