मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और वर्तमान में अंडर-19 टीम के कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि भारतीय क्रिकेट में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की कमी के कारण हार्दिक पंड्या ने बहुत जल्दी सीनियर टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली है. द्रविड़ ने कहा कि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर का होना भारतीय टीम के लिये हमेशा महत्वपूर्ण रहा है और पंड्या ने मौकों का पूरा फायदा उठाया है. निचले क्रम में करारे शॉट जमाने में माहिर 24 वर्षीय पंड्या अच्छी तेज गेंदबाजी भी कर लेते हैं और वह सीमित ओवरों की क्रिकेट में भारतीय टीम के नियमित सदस्य हैं. पंड्या ने 2016 में डेब्यू किया और उसके बाद 32 वनडे और 27 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 35 और 23 विकेट निकाले. इसके अलावा उन्होंने कुछ उपयोगी पारियां भी खेली. द्रविड़ ने अंडर-19 विश्व कप टीम की रवानगी से पहले संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा, ‘‘हार्दिक अपने कौशल के कारण टीम में आया है. वह ऐसा खिलाड़ी है जिन्होंने खुद को साबित किया है और वह ऐसा है जिसके पास यह विशिष्ट गुण है. जब आप भारत में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर होते हो तो फिर आपको चुनौती देने वाले कम होते हैं और यह वास्तविकता है. ’’ अंडर-19 विश्व कप 13 जनवरी से न्यूजीलैंड में खेला जाएगा. इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘अगर आप इस देश में बल्लेबाज या स्पिन गेंदबाज हो तो चुनौती कड़ी होती है क्योंकि आपको कई अन्य से प्रतिस्पर्धा करनी होती है. लेकिन तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को आप उंगलियों में गिन सकते हो कि कितने तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर भारत में खेल रहे हैं. ’’