Suryakumar Yadav Reaction on Rohit Sharma Fitness: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान रोहित शर्मा अपनी फिटनेस को लेकर आलोचनाओं में घिरे रहे हैं. कप्तान रोहित की फिटनेस पर बहस छिड़ी है, लेकिन सूर्यकुमार यादव उनके सपोर्ट में उतर आए हैं. भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल से पूर्व रोहित की कप्तानी पर भरोसा दिखाया है. दरअसल कांग्रेस की बड़ी नेता शमा मोहम्मद (Shama Mohamed) ने सबसे पहले भारतीय कप्तान की फिटनेस पर सवाल उठाए थे, जिसके लिए उन्हें जमकर ट्रोल भी होना पड़ा था.
रोहित शर्मा को मिला सूर्यकुमार यादव का सपोर्ट
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि रोहित शर्मा की ही कप्तानी में भारत ने पिछले 4 साल में चार ICC फाइनल खेले हैं. सूर्या ने रोहित शर्मा के सपोर्ट में आकर कहा, "यदि कोई खिलाड़ी 15-20 साल से क्रिकेट खेल रहा हो तो चार साल में अपनी टीम को 4 ICC फाइनल खिलाना बहुत बड़ी बात है. मैंने उन्हें करीब से देखा है, वो बहुत कड़ी मेहनत करते हैं. जितना मैं जानता हूं, वो अब भी अपने गेम के टॉप पर हैं और फाइनल मैच के लिए मैं उन्हें शुभकामना देता हूं."
चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल पर भी बोले सूर्यकुमार
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा. 9 मार्च को दुबई में होने वाले फाइनल मैच से पूर्व सूर्यकुमार यादव ने कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूं कि भारतीय टीम बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रही है. यदि हम ऐसा ही प्रदर्शन दोहरा पाए तो हमारे लिए जीत प्राप्त कर पाना ज्यादा कठिन नहीं होगा." अभी उन बातों को कुछ ही महीने बीते हैं जब रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीता था. भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 7 रनों से हराकर इतिहास रचा था.
यह भी पढ़ें:
