टी 20 मुकाबले में शतक के बाद एक और तूफानी पारी- सैयद मुश्ताक अली टी 20 सुपर लीग में बंगाल के खिलाफ नाबाद 126 रनों की पारी खेलने के बाद रैना के बल्ले से एक और तूफानी पारी निकली. लेकिन इस बार वो टीम को जीत नहीं दिला पाए. तमिलनाडु के खिलाफ 61 रनों की पारी खेल रैना ने टीम के स्कोर को चार विकेट पर 162 रनों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. रैना ने 41 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का जड़ा. उनके अलावा सलामी बल्लेबाज शिवम चौधरी (38) और अक्षदीपनाथ (38) ने भी उनका अच्छा साथ दिया लेकिन तमिलनाडु के लिए ये स्कोर काफी नहीं था. तमिलनाडु ने 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाजों भरत शंकर (30) और वाशिंगटन सुंदर (33) की उम्दा पारियों के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे संजय यादव (52) के अर्द्धशतक से 19.2 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया. दूसरी तरफ फॉर्म में वापसी के संकेत के साथ रैना ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बार फिर दस्तक देना शुरू कर दिया है. खुद रैना मानते हैं कि उन्हें उम्मीद है कि वो टीम में वापसी करने में सफल होंगे. रैना ने जरूरी यो-यो टेस्ट को पास कर लिया है. यह टेस्ट राष्ट्रीय टीम में बने रहने के लिए जरूरी है. फिटनेस के कारण ही रैना राष्ट्रीय टीम से बाहर रहे हैं. पिछले दो साल में वनडे टीम में स्थान हासिल नहीं कर पाए हैं. संवाददाताओं से रैना ने कहा, "मैं काफी कड़ी मेहनत कर रहा हूं. सौरव गांगुली को यहां देखकर मुझे अच्छा महसूस हो रहा है. अपने आदर्श को देखना हमेंश अच्छा होता है. वह बंगाल टीम का समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने बंगाल क्रिकेट संघ के लिए काफी कुछ किया है. मैं जल्द ही वापसी करूंगा. इस टूर्नामेंट में अपनी बल्लेबाजी का आनंद ले रहा हूं."
T20 लीग: यो-यो टेस्ट में पास होने के बाद अब फॉर्म में लौटे रैना, जागी वापसी की उम्मीद
ABP News Bureau | 23 Jan 2018 02:32 PM (IST)