नई दिल्ली/नीदरलैंड्स: इंडियन क्रिकेट टीम के स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीदरलैंड दौरे पर उनसे मुलाकात की. इसकी जानकारी खुद सुरेश रैना ने ट्वीट कर दी. 

रैना ने ट्वीट कर लिखा, 'जिस इंसान के पास गोल्डन विज़न है उन नरेंद्र मोदी से नीदरलैंड में मिलकर काफी अच्छा लगा.' पीएम मोदी से मुलाकात के इस खास मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी प्रियंका भी थी. पीएम मोदी बीते दिन ही पुर्तगाल, अमेरिका दौरे के बाद नीदरलैंड पहुंचे थे. जहां से अब वो स्वदेश लौट आए हैं.  

सुरेश रैना इन दिनों टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं, और हाल में वो अपनी पत्नी प्रियंका और बेटी ग्रासिया के साथ पेरिस में टाइम स्पेंड कर रहे हैं. 

रैना साल 2015 से वनडे और टेस्ट दोनों टीमों से बाहर चल रहे हैं. 

उन्होंने टीम इंडिया के लिए 223 वनडे में 36 के औसत से 5568 रन बनाए हैं, वहीं टेस्ट में उन्होंने कुल 18 मैचों में 768 रन अपने नाम किए हैं. टी20 स्पेशलिस्ट सुरेश रैना ने टी20 क्रिकेट में 1307 रन बनाए हैं.