KKR vs CSK: आईपीएल 2021 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पहले बल्लेबाज़ी कर रही है. कोलकाता ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं. शाकिब अल हसन की जगह सुनील नारेन और हरभजन सिंह की जगह कमलेश नागरकोटी को मौका मिला है. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ड्वेन ब्रावो की जगह लुंगी नगिदी को शामिल किया गया है.
पिछले साल यूएई में खराब प्रदर्शन के बाद सीएसके की इस साल की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी और उसे पहले मैच में ही दिल्ली कैपिटल्स से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम ने अपने चिर परिचित अंदाज में वापसी की और अपने पिछले दोनों मैच जीते हैं. टीम की ताकत बल्लेबाजी में उसकी गहराई हैं. हालांकि सलामी बल्लेबाज खासकर की रितुराज गायकवाड़ अब तक इस टूर्नामेंट में उसको अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाएं हैं. मोईन अली अब तक इस सीजन में टीम की सबसे अहम कड़ी साबित हुए हैं. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही में वो कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं.
वहीं केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत से शुरुआत की थी लेकिन अगले दो मैचों में मुंबई इंडियन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के हाथों पराजय से वह पांचवें स्थान पर खिसक गया है. इयोन मॉर्गन की कप्तानी में खेल रही केकेआर इस मैच में जीत की पटरी पर वापस लौटना चाहेगी.
कोलकाता की प्लेइंग इलेवन- नितीश राणा, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, वरुण चक्रवर्ती, प्रसीद कृष्णा.
चेन्नई की प्लेइंग इलेवन- रुतुराज गायकवाड़, फाफ डु प्लेसिस, मोइन अली, सुरेश रैना, अंबाती रायडू, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), सैम कर्रन, शार्दुल ठाकुर, लाली नगीदी, दीपक चाहर.
