कैंडी: पल्लेकल टेस्ट में फॉलोऑन कर रही श्रीलंका की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 19 रन बना लिए हैं. पहली पारी में सिर्फ 135 रनों पर ढेर होने वाली लंका की टीम अब भी भारत से 333 रन पीछे है. दूसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले पिच पर टिकने की कोशिश कर रहे उपुल थरंगा को उमेश यादव ने पवेलियन भेजकर भारत को पहली सफलता दिलाई है.
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी टेस्ट मैच के दूसरे दिन श्रीलंका की पहली पारी 135 रनों पर समेट दी और लंका को फॉलोऑन करने पर मजबूर होना पड़ा. भारत की पहली पारी 487 रनों पर समाप्त होने के बाद श्रीलंका ने दूसरे सत्र की समाप्ति तक अपनी पहली पारी में चार विकेट के नुकसान पर केवल 61 रन ही बनाए थे.
आज दिन में टीम की ओर से आउट होने वाले चार खिलाड़ी दिमुथ करुणारत्ने (4), उपुल थारंगा (5), कुशल मेंडिस (18) और एंजेलो मैथ्यूज रहे. मैथ्यूज अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे.
चाय के बाद कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए निरोशन डिकवेला (29), दिलरुवान परेरा (0), मलिंदा पुष्पकुमारा (10) और विश्व फर्नांडो (0) का विकेट गिराया. फर्नांडो और परेरा को कुलदीप ने खाता भी नहीं खोलने दिया.
इसके बाद रविचंद्रन अश्विन ने लक्षण संदाकन (10) को शिखर धवन के हाथों कैच आउट कराने के साथ ही श्रीलंका का 10वां विकेट गिरा दिया और टीम की पारी 135 रनों पर समेट दी.
भारत के लिए इस पारी में कुलदीप ने सबसे अधिक चार विकेट लिए, वहीं अश्विन और शमी को दो-दो सफलता मिली और हार्दिक पांड्या ने भी एक विकेट हासिल किया.
बता दें कि आज दिन पूरी तरह से भारत के नाम रहा. पहले हार्दिक पांड्या ने लंकाई गेंदबाजों की खूब धुलाई की और अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा. उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के भी लगाए. पांड्या के तूफान के बाद बारी थी गेंदबाजों की, तो टीम के गेंदबाजों ने भी अपनी भूमिका शानदार तरीके से निभाई और लंका को मुकाबले से लगभग बाहर ही कर दिया.
