मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने बॉल टेम्परिंग विवाद के बाद खोया विश्वास फिर हासिल करने का वादा किया है. स्मिथ ने कहा इस घटना के बाद लोगों से मिले सहयोग से उनका हौसला बढ़ा है.
स्मिथ ने इंस्टाग्राम पर लिखा ,‘‘ ऑस्ट्रेलिया लौटकर अच्छा लग रहा है. मुझे हालात से सामंजस्य बिठाने में समय लगा लेकिन अब इस पर लौटने का समय है.’’
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे इतने ईमेल और खत मिले कि यह अविश्वसनीय है. लोगों से मिले समर्थन और सहयोग से मैं दंग हूं. मुझे आपका खोया विश्वास फिर पाने के लिये काफी मेहनत करनी होगी.’’
साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़खानी विवाद के बाद स्मिथ और उपकप्तान डेविड वार्नर पर एक साल का और कैमरन बेनक्रोफ्ट पर नौ महीने का बैन लगाया गया था. उस घटना के बाद से यह आगे की योजना को लेकर स्मिथ का पहला बयान है.
उन्होंने कहा ,‘‘ इस दौरान मम्मी, डैडी और डानी (पत्नी) मेरे साथ डटे रहे और इसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं. दुनिया में सबसे अहम परिवार है और मैं उनके प्यार और सहयोग के लिये धन्यवाद देता हूं.’’
