नई दिल्ली: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पांच मैचों की वनडे सीरीज़ को 3-0 से जीतकर एशेज़ की हार का बदला चुकता कर लिया है. इंग्लिश टीम इस जीत से काफी खुश है जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम बेहद निराश, लेकिन इस हार के साथ ही तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलियन कप्तान पर एक गंभीर आरोप लगा है.

ऑस्‍ट्रेलियाई कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ पर लिप बॉम से गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा. इस पूरे मामले में एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें स्मिथ को गेंद को चमकाते हुए दिखाया गया है. ये वीडियो खुद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शेयर किया है. हालांकि इन सभी आरोपों के बाद खुद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने भी सामने आकर अपनी बात रखी है और कहा है कि इन आरोपों में कोई दम नहीं है.

स्मिथ ने कहा कि 'यह गेंद को चमकाने की उनकी तकनीक है बाहरी चीज की मदद नहीं ली गई है.'

स्टीव स्मिथ ने मैच के बाद प्रेस कॉंफ्रेंस में कहा, 'मैं अपने थूक से गेंद चमका रहा था. लोगों ने कहा था कि मैं लिप बॉम से यह काम कर रहा था. यदि आप मेरे होंठों की ओर देखें तो ये पूरी तरह से सूखे हुए थे. मेरे होंठों पर कुछ भी नहीं था. ऐसे में लिप बॉम जैसी चीज से गेंद को चमकाने की बात कहां से आ गई.'

इतना ही नहीं स्मिथ ने इसके बाद कहा, 'मैं थूक से गेंद को चमकाने का प्रयास कर रहा था. इसके अलावा और कुछ भी नहीं था.'

मौजूदा ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड सीरीज़ में ये पहला मौका नहीं है जब बॉल टेम्परिंग का विवाद गरमाया हो. इससे पहले एशेज़ टेस्ट सीरीज़ के दौरान इंग्लिश तेज़ गेंदबाज जेम्स एंडरसन पर भी बॉल टेम्परिंग के आरोप लगे थे. मेलबर्न टेस्‍ट के दौरान इस स्टार पर अंगूठे के नाखून से गेंद को खरोंचने को आरोप लगा था. यह कहा गया था कि गेंद से अतिरिक्‍त मदद हासिल करने के लिए एंडरसन ऐसा कर रहे थे.