नई दिल्ली/धर्मशाला: टेस्ट की टक्कर के बाद पहले वनडे मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है. धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले में दोनों टीमें नए कप्तानों के साथ मैदान पर उतरी हैं.
श्रीलंकाई कप्तान थिसारा परेरा ने आज टॉस जीतकर जैसे ही पहले गेंदबाज़ी चुनी, वैसे ही रोहित शर्मा के चेहरे पर एक मुस्कुराहट आ गई. रोहित शर्मा ने प्रेसेंटेशन सेरेमनी में कहा कि ये एक अच्छा टॉस हारना है क्योंकि हम भी पहले बल्लबाज़ी ही करना चाहते थे.
युवा बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर आज भारत के लिए अपना डेब्यू करने जा रहे हैं. उन्हें विराट कोहली के स्थान पर टीम इंडिया का हिस्सा बनाया गया है. जबकि टीम इंडिया के लिए एक और अच्छी खबर ये है कि कल तक बीमार नज़र आ रहे ओपनर शिखर धवन आज पूरी तरह से फिट होकर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं.
हालांकि खराब फॉर्म से जूझ रहे अजिंक्ये रहाणे को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया है, ये दांव कितना सही बैठता है ये मैच के बाद ही पता चलेगा.
रोहित के सिर कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करने का भी दबाव होगा. कोहली की गैरमौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी कुछ हद तक तो कमजोर होगी. ऐसे में रोहित के अलावा उनके सलामी जोड़ीदार शिखर धवन और महेंद्र सिंह धौनी पर टीम को संभालने की जिम्मेदारी होगी.
कोहली की गैमोजूदगी मनीष पांडे और श्रेयस अय्यर के लिए बड़ा मौका साबित हो सकती है. वहीं रोहित ने मध्यक्रम को मजबूती देने के लिए अनुभवी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को भी टीम में मौका दिया है.
वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार पर टीम की कमान है. धर्मशाला की पिच तेज गेंदबाजों की मददगार साबित हो सकती है. इस विकेट पर भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था और तब इस विकेट के व्यवहार की सभी ने तारीफ की थी.
टीमें:
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार.
श्रीलंका: थिसारा परेरा, उपुल थंरगा, दानुष्का गुणाथिलका, लाहिरू थिरिमाने, एंजेलो मैथ्यूज, असेला गुणारत्ने, निरोशन डिकवेला, अकिला धनंजय, सुरंगा लकमल, धनंजय डी सिल्वा, सचिथा पाथिराना.
