वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में फाइनल की दौड़ अब और दिलचस्प हो गई है. साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में पारी और 31 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया. इस हार का असर ऑस्ट्रेलिया के पॉइंट्स प्रतिशत पर भी पड़ा है. लेकिन, टीम अभी भी पॉइंट टेबल में पहले नंबर पर है. वहीं, साउथ अफ्रीका ने तीसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत की है, जबकि भारतीय टीम 5वें नंबर पर बनी हुई है.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हार से पहले ऑस्ट्रेलिया का पॉइंट्स प्रतिशत 81.82 था, जो अब घटकर 75% रह गया है. टीम ने अब तक 12 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 9 में जीत और 3 में हार मिली है. इस हार के बावजूद ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर कायम है. अब टीम की कोशिश अगले मुकाबले में जीत दर्ज करके अपनी हालात मजबूत करने की होगी.
साउथ अफ्रीका ने कैसे दर्ज की जीत
दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेला गया. साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 425 रन बनाकर पारी घोषित की. कप्तान टेम्बा बावुमा ने 179 रन की शानदार पारी खेली. इसके अलावा मार्को यानसन ने 85 और साइमन हार्मर ने 82 रन बनाए.
जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सिर्फ 99 रन पर सिमट गई. इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए टीम दूसरी पारी में 295 रन ही बना सकी. इस तरह साउथ अफ्रीका ने मुकाबला पारी और 31 रन से अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई.
WTC पॉइंट्स टेबल में भारत कहां
दूसरे टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया 75% के साथ पहले नंबर पर है. न्यूजीलैंड 72.22% के साथ दूसरे और साउथ अफ्रीका 66.67% के साथ तीसरे स्थान पर है. बांग्लादेश 55.56% के साथ चौथे नंबर पर है.
वहीं, भारतीय टीम 51.52% के साथ 5वें स्थान पर है. भारत ने अब तक 11 टेस्ट खेले हैं, जिनमें 5 में जीत, 4 में हार और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं.
भारत के पास अभी मौका
WTC फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम को आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा. भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट खेलने हैं. इन मैचों में जीत टीम इंडिया की फाइनल की उम्मीदों को मजबूत कर सकती है.
यह भी पढ़ें: कौन हैं मोहम्मद शम्स आलम? एशियन पैरा गेम्स में लगा महिला से छेड़खानी का आरोप! वापस भारत भेजा
