नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने बिग बैश लीग के पहले ही मैच में धमाकेदार शुरुआत की. सिडनी थंडर की ओर से खेलते हुए वॉटसन ने 46 गेंदों में 77 रनों की पारी खेली जिसमें 6 छक्के और 6 चौके शामिल हैं.

इसके साथ ही टी-20 क्रिकेट में वॉटसन के नाम एक खास रिकॉर्ड भी जुड़ गया. वॉटसन टी-20 में 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के छठे और ऑस्ट्रेलिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. वॉटसन के अलावा डेविड वॉर्नर ने 314 छक्के लगाए हैं जबकि 819 छक्कों के साथ वेस्टइंडीज के क्रिस गेल टी-20 में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में पहले स्थान पर मौजूद पर हैं.

इससे पहले सिडनी प्रीमियर क्रिकेट में भी सदरलैंड की ओर से खेलते हुए वाटसन ने मॉसमन के खिलाफ महज 53 गेंद पर 114 रनों की नाबाद पारी खेली थी. इस पारी के दौरान उन्होंने सिर्फ 1 चौका लगाया लेकिन 16 बार गेंद को मौदान से बाहर भेजा. इस तरह उन्होंने सिर्फ बाउंड्री से 100 रन पूरे किए थे.

वहीं इंडियन प्रीमियर लीग में वाटसन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते हैं, ऐसे में अब देखना होगा कि आईपीएल के नए सीजन में उन्हें टीम रिटेन करती है या फिर ऑक्शन में धमाल मचाते हैं.