डरबन: साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया वनडे सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार है. टीम इंडिया चाहेगी कि साउथ अफ्रीका में पहली वनडे सीरीज जीतकर एक नया इतिहास रचे.
यह सीरीज भारत के लिए साल 2019 वर्ल्डकप की तैयारी के लिए भी खास है. वर्ल्डकप में अब सिर्फ 14 महीने का समय बचा है और ऐसे में भारत इस सीरीज से क्रिकेट महाकुंभ के लिये अपनी तैयारियों की भी शुरूआत करेगा.
भारत को साउथ अफ्रीका से छह वनडे और तीन टी20 मैच खेलने के बाद श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज में भाग लेना है. इसके बाद आईपीएल होगा जबकि इसके बाद उसे इंग्लैंड और आयरलैंड में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने हैं. इंग्लैंड में अगस्त में वह पांच टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलेगा.
इतने अधिक वनडे मैचों विशेषकर साइथ अफ्रीका और इंग्लैंड के प्रदर्शन के आधार पर टीम प्रबंधन को वर्ल्डकप के लिये अपनी टीम सुनिश्चित करने का भी मौका मिलेगा. उसे टीम में जरूरी सुधार करने का अवसर भी मिलेगा.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है. भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसकी सरजमीं पर 28 मैच खेले है जिनमें से केवल पांच में उसे जीत मिली है और 21 मैच भारत ने गंवाये हैं. मौजूदा टीम मैनेजमेंट इस रिकॉर्ड में सुधार करने के लिये बेताब है जिसका इरादा विदेश की परिस्थितियों में भारत के प्रदर्शन में सुधार करना भी है.
सीरीज का पहला मैच डरबन में खेला जाएगा जहां भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत ने डरबन में कुल 7 मैच खेला है जिसमें से उसे 6 में हार का सामना करना पड़ा है जबकि एक का कोई परिणाम नहीं निकला. भारत ने हालांकि 2003 विश्व कप के दौरान यहां इंग्लैंड और कीनिया को हराया था.
इसके अलावा भारत इस वनडे सीरीज में शानदार प्रर्दशन कर रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचना चाहेगी. इसके लिए भारत को यह सीरीज कम से कम 4-2 से जीतना पड़ेगा. दोनों टीमों के बीच अभी केवल दो रेटिंग अंकों का अंतर है.
मौजूदा समय में भारतीय टीम अच्छी फॉर्म में है. कप्तान कोहली श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेले थे. इसलिए मध्यक्रम में एक या दो स्थानों पर फैसला करना होगा. श्रेयस अय्यर ने इस बीच अच्छी फॉर्म दिखायी थी और इसलिए उनका पक्ष मजबूत है लेकिन यहां अनुभव को भी तवज्जो दी जाएगी और दिनेश कार्तिक और मनीष पांडे भी एक स्थान की दौड़ में हैं.
डरबन की पिच भुरभुरी दिख रही है और डरबन में बारिश भी हुई है. ऐसे में देखना होगा कि भारत कितने स्पिनरों के साथ उतरता है.
इसके अलावा साउथ अफ्रीका की निगाह भी आगामी विश्व कप पर टिकी हैं लेकिन उसे पहले तीन मैचों में एबी डिविलियर्स के बिना उतरना पड़ेगा जिनकी उंगली चोटिल है. ऐसे में फरहान बेहारडीन को टीम में रखा जाता था लेकिन इस बार उन्हें टीम में नहीं लिया गया है. एक अन्य विकल्प हाशिम अमला और क्विंटन डिकाक के साथ पारी का आगाज करने और एडेन मार्कराम को मध्यक्रम में उतारने का है. दक्षिण अफ्रीका एकमात्र स्पिनर इमरान ताहिर को लेकर उतर सकता है.
टीमें इस प्रकार हैं-
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी.
दक्षिण अफ्रीका: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), हाशिम अमला, क्विंटन डि कॉक जेपी डुमिनी, इमरान ताहिर, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, मॉर्न मॉर्केल, क्रिस मॉरिस, लुंगी एनगिडी, एंडिल फैलुकवायो, कैगीसो रबादा, तबरेज शम्सी.
मैच भारतीय समयानुसार शाम चार बजकर 30 मिनट से शुरू होगा.
