विजयनगरम: मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पिछले डेढ़ महीने से भी अधिक समय से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने कर्नाटक की तरफ से रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी क्रिकेट मैच में राजस्थान के खिलाफ अर्धशतक जड़कर मजबूत वापसी की. राहुल ने 85 गेंदों पर 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 72 रन बनाए. राहुल की इस पारी के बाद टीम इंडिया के वर्तमान सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर की मुश्किलें बढ़ा दी है. गंभीर इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 29 रन ही बना पाए. दूसरी पारी में जब गंभीर से सकरात्मक पारी की उम्मीद थी तो बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए.
राहुल ने सलामी बल्लेबाज आर समर्थ (62) के साथ पहले विकेट के लिये 111 रन की साझेदारी की. उनके अलावा मयंक अग्रवाल ने 81 रन की पारी खेली जिससे कर्नाटक ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 345 रन बनाये.
राहुल न्यूजीलैंड के खिलाफ सितंबर में कानपुर में पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में चोटिल होने के बाद नहीं खेल पाए थे लेकिन अब उन्होंने साबित कर दिया कि वह फिट हैं.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले कर्नाटक की तरफ से रोजर बिन्नी (37) और सीएम गौतम (35) ने भी उपयोगी योगदान दिया. स्टंप उखड़ने के समय श्रेयस गोपाल 22 और कप्तान आर विनयकुमार 25 रन पर खेल रहे हैं. राजस्थान की तरफ से टीएम उल हक ने 64 रन देकर तीन विकेट लिए.