नई दिल्ली: दो साल से वनडे टीम से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इस फॉर्मेट में वापसी का भरोसा जताया है. भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे का मानना है कि अगर वह टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते रहे तो वनडे में उनकी वापसी की संभावना है. रहाणे ने अपना अंतिम वनडे मैच फरवरी-2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर खेला था. भारत को बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी हैं जिसकी शुरुआत गुरुवार से हो रही है. रहाणे ने कहा, "मुझे बस टेस्ट में अच्छा करने की जरूरत है. मुझे लगातार रन करने हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि मैं वनडे टीम में वापसी कर सकता हूं." उन्होंने कहा, "यह सिर्फ अपने आप पर विश्वास करने और आत्मविश्वास रखने की बात है. मुझे वर्तमान में बने रहने से मदद करेगी. मैं अगर टेस्ट में रन कर सका तो मैं निश्चित तौर पर वनडे में वापसी कर सकता हूं." रहाणे ने भारत के लिए 90 वनडे खेले हैं और 35.26 की औसत से 2962 रन बनाए हैं. वनडे में रहाणे ने तीन शतक और 24 अर्धशतक जमाए हैं.

वनडे रैंकिंग में विराट कोहली की बादशाहत बरकरार, बुमराह भी नंबर वन

भारतीय टीम टेस्ट में नंबर-1 है और बांग्लादेश से पहले उसने अपने घर में ही दक्षिण अफ्रीका को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया है. रहाणे ने हालांकि कहा है कि उनकी टीम बांग्लादेश को टेस्ट में हल्के में नहीं लेगी. उन्होंने कहा, "बांग्लादेश काफी अच्छी टीम है. वह एक ईकाई की तरह खेलते हैं. हम अपनी विपक्षी टीम के बारे में सोचने के बजाए अपने मजबूत पक्ष के बारे में सोचते हैं. टेस्ट चैम्पियनशिप के आने से अब हर मैच अहम हो गया है." उन्होंने कहा, "हम इस समय इंदौर टेस्ट पर ध्यान दे रहे हैं. मुझे लगता है कि हमने दक्षिण अफ्रीका के साथ अच्छा खेला, लेकिन एक टीम के नाते हमें वर्तमान में रहने की जरूरत है और हम अपने प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं ले सकते."

चहल ने चाहर को ट्रोल किया, कहा- तुम तो यार बड़े बेशर्म हो

भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा मैच 22 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा जो दिन-रात प्रारूप का होगा. यह दोनों टीमों पहला डे नाइट टेस्ट मैच होगा. टीम प्रबंधन ने मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) से फ्लड लाइट्स में अभ्यास सत्र आयोजित करने की अपील की है ताकि वह कोलकाता टेस्ट मैच की तैयारी कर सकें.